नई दिल्ली
हरभजन सिंह ने एक बार फिर टीम इंडिया में नंबर 4 पोजिशन के लिए विकल्प सुझाया। इस बार उन्होंने मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज सूर्य कुमार यादव को इस पोजिशन के लिए उपयुक्त बताया। जिस पर उनके साथी क्रिकेटर रहे युवराज सिंह ने टीम इंडिया की चुटकी ली। इससे पहले भी हरभजन ने नंबर 4 के लिए संजू सैमसन को दावेदार बताया था। जिस पर युवराज ने टीम इंडिया की चुटकी लेते हुए कहा था कि उन्हें नंबर 4 पर किसी बल्लेबाज की जरूरत ही नहीं है, क्योंकि उनका टॉप ऑर्डर बेहद मजबूत है।
ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने ट्वीट कर हैरानी जताई कि मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव की अनदेखी की जा रही है। हरभजन ने एक फोटो शेयर करते हुए लिखा था कि घरेलू क्रिकेट में सूर्यकुमार यादव शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन समझ नहीं आता कि उन्हें राष्ट्रीय टीम में जगह क्यों नहीं मिलती। इस पर पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह ने जवाब दिया, 'यार, मैंने तुम्हें बताया तो था। उन्हें नंबर-4 की जरूरत नहीं है, उनका टॉप ऑर्डर काफी मजबूत है।' सूर्यकुमार ने विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई के लिए खेलते हुए छत्तीसगढ़ के खिलाफ 31 गेंदों पर 81 रन की तूफानी पारी खेली।