Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

अवेंजर्स की तरह तस्वीर शेयर की शिखर धवन ने

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच इंटरनैशनल टी-20 सीरीज का तीसरा मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में 22 सितंबर यानी रविवार को खेला जाएगा। सीरीज का पहला मुकाबला धर्मशाला में बारिश से धुल गया था, जबकि मोहाली में खेले गए दूसरे टी-20 में टीम इंडिया ने 7 विकेटों से जोरदार जीत दर्ज की थी। तीसरे मुकाबले के लिए टीम इंडिया बेंगलुरु पहुंच चुकी है और तैयारियों में जुट गई है।

इस दौरान टीम इंडिया के ओपनर शिखर धवन ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की है, जो वायरल हो रही है। इस तस्वीर में शिखर धवन के अलावा कप्तान विराट कोहली, तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, युवा क्रिकेटर दीपक चाहर, श्रेयस अय्यर और नवदीप सैनी अलग-अगल पोज देते दिख रहे हैं।

नैशनल अकैडमी के जिम में ली गई तस्वीर के कैप्शन में शिखर ने लिखा- स्क्वॉड गोल्स…। यहां शिखर और दीपक चाहर अपना टॉन्ड बाइसेप्स दिखाते नजर आ रहे हैं। तस्वीर को क्लिक करते ही मार्वल की अवेंजर्स सीरीज की थीम रिंगटोन बजती है, जो फैन्स को काफी पंसद आ रही है। तस्वीर पर कई फैन्स ने खिलाड़ियों को अवेंजर्स करार दिया है।

उल्लेखनीय है कि बेंगलुरु में अगर भारतीय टीम जीत दर्ज करती है तो वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहली बार अपने मैदान पर टी-20 सीरीज जीतेगी। इससे पहले इन दोनों टीमों के बीच भारत में एक टी-20 इंटरनैशनल सीरीज खेली गई थी, जिसमें साउथ अफ्रीका ने 2-0 से जीत दर्ज की थी। अब विराट टीम के पास उस हार का बदला चुकाने का मौका है।