Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

मां बनने के बाद पहली बार चैम्पियन बनने से एक जीत दूर सेरेना

न्यूयॉर्क

छह बार की चैम्पियन 37 साल की सेरेना विलियम्स ने यूएस ओपन के फाइनल में जगह बना ली है. पूर्व वर्ल्ड नंबर-1 सेरेना ने सेमीफाइनल में यूक्रेन की एलिना स्वितोलिना को 6-3, 6-1 से मात दी. सेरेना ने वर्ल्ड नंबर-5 के खिलाफ इस मुकाबले को जीतने के लिए 70 मिनट का समय लिया.

अब फाइनल में अमेरिकी दिग्गज सेरेना का मुकाबला 19 साल की बियांका एंड्रेस्क्यू से होगा. वर्ल्ड नंबर-15 बियांका ने सेमीफाइनल में 12वें नंबर की स्विस खिलाड़ी बेलिंडा बेनकिक को 7-6 (7-3), 7-5 से हराया. यह मुकाबला 2 घंटे 12 मिनट तक चला. बियांका यूएस ओपन के सिंगल्स फाइनल में पहुंचने वाली कनाडा की पहली महिला खिलाड़ी हैं.

इसके साथ ही सेरेना रिकॉर्ड 10वीं बार (ओपन एरा) अमेरिकी ओपन फाइनल में जगह बनाने में कामयाब रहीं. वह रिकॉर्ड 24वें ग्रैंड स्लैम खिताब पर कब्जा करने से महज एक जीत से दूर हैं. ऑल टाइम सर्वाधिक ग्रैंड स्लैम सिंगल्स जीतने की बात करें, तो ऑस्ट्रेलिया की मार्ग्रेट कोर्ट ने 24 ग्रैंड स्लैम पर कब्जा किया था.

मां बनने के बाद एक्शन में लौटीं सेरेना विलियम्स तीन बार मार्ग्रेट कोर्ट के रिकॉर्ड के करीब आईं. इस साल वह विंबलडन फाइनल में सिमोना हालेप से हार गई थीं.

पिछले साल सेरेना यूएस ओपन के फाइनल में जापान की नाओमी ओसाका से मात खा बैठीं. फाइनल मुकाबले के दौरान वह अंपायर पर भड़क गई थीं. अब सेरेना के पास लगातार दूसरी बार यूएस ओपन फाइनल खेलने का मौका है.