Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

सौरभ वर्मा ने वियतनाम ओपन का खिताब जीता, चीनी शटलर को दी मात

हो ची मिन सिटी (वियतनाम)
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी सौरभ वर्मा ने रविवार को यहां वियतनाम ओपन बीडब्ल्यूएफ टूर सुपर 100 टूर्नमेंट के पुरुष एकल फाइनल में चीन के सुन फेई शियांग को हराकर खिताब अपने नाम किया। दूसरे वरीय सौरभ ने 75 हजार डॉलर पुरस्कार राशि वाले टूर्नमेंट के एक घंटे 12 मिनट तक चले फाइनल मुकाबले को 21-12, 17-21, 21-14 से अपने नाम किया। मौजूदा राष्ट्रीय चैंपियन सौरभ इस साल हैदराबाद ओपन और स्लोवेनियाई अंतरराष्ट्रीय चैम्पियनशिप का खिताब भी जीत चुके हैं।

विश्व रैंकिंग में 38वें स्थान पर काबिज यह खिलाड़ी अब 24 से 29 सितंबर तक खेले जाने वाले कोरिया ओपन विश्व टूर सुपर 500 टूर्नमेंट में खेलेगा, जिसकी पुरस्कार राशि चार लाख डॉलर है। सौरभ ने पहले गेम में दबदबे के साथ शुरुआत करते हुए 4-0 की बढ़त बनाई और ब्रेक के समय वह 11-4 से आगे थे। ब्रेक के बाद भी उन्होंने लय बनाई रखी और स्कोर को 15-4 कर दिया।

सुन ने वापसी की कोशिश की लेकिन सौरभ ने आसानी से पहला गेम जीत लिया। दूसरे गेम में सुन ने शानदार खेल दिखाया और 8-0 की बढ़त हासिल कर ली। ब्रेक के समय उनकी बढ़त 11-5 की थी। ब्रेक के बाद भी सौरभ संघर्ष करते दिखे जिसका फायदा उठाते हुए सुन ने गेम अपने नाम कर लिया। निर्णायक गेम की शुरुआत में 26 साल के सौरभ 2-4 से पिछड़ रहे थे लेकिन ब्रेक तक उन्होंने 11-7 की बढ़त कायम कर ली।

चीन के खिलाड़ी ने उन्हें चुनौती दी, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने अपनी बढ़त बरकरार रखी। जब वह 17-14 से आगे थे तब उन्होंने लगातार चार अंक हासिल कर चीनी खिलाड़ी के मंसूबो पर पानी फेर दिया। मध्य प्रदेश का यह खिलाड़ी पिछले साल डच ओपन और कोरिया ओपन का खिताब जीत चुका है।