Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

नंबर वन निशानेबाज को पछाड़कर यशस्विनी बनीं पिस्टल क्वीन

लंदन
यशस्विनी सिंह देसवाल दुनिया की नंबर एक निशानेबाज ओलेना कोस्तेविच को पछाड़कर नई पिस्टल क्वीन बन गईं। यशस्विनी ने आईएसएसएफ विश्व कप में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में 236.7 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। इसी के साथ चंडीगढ़ के डीएवी कॉलेज में अर्थशास्त्र की 22 वर्षीय छात्रा यशस्विनी टोक्यो ओलंपिक का कोटा हासिल करने वाली नौवीं भारतीय निशानेबाज बन गईं।

पूर्व जूनियर विश्व चैंपियन यशस्विनी ने आठ महिलाओं के फाइनल में नंबर एक यूक्रेन की ओलेना कोस्तेविच (234.8) को 1.9 अंकों से पछाड़ा। सर्बिया की जेसमिना मिलावोनोविच (215.7) के खाते में कांसा आया। पंचकूला की यशस्विनी क्वालिफिकेशन में भी 582 अंकों के साथ शीर्ष पर रही थीं। मनु भाकर ने न्यूनतम क्वालिफिकेशन स्कोर में 580 किया।

इससे पहले काजल सैनी ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पॉजिशन में 1167 के क्वालिफिकेशन स्कोर से 22वां और तेजस्विनी सांवत ने 1156 अंक से 47वां स्थान हासिल किया। अनु राज सिंह और श्वेता सिंह फाइनल में जगह नहीं बना सकीं।

रियो में तीसरा स्वर्ण :  यह रिेयो में भारत का तीसरा पीला तमगा है। इससे पहले अभिषेक वर्मा और इलावेनिल वलारिवान ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल और महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया था।

ये भी हासिल कर चुके हैं कोटा : संजीव राजपूत, अंजुम मौदगिल, अपूर्वी चंदेला, सौरभ चौधरी, अभिषेक वर्मा, दिव्यांश सिंह पंवार, राही सरनोबत और मनु भाकर।