Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

वियतनाम ओपन के फाइनल में पहुंचे सौरभ वर्मा, जापानी खिलाड़ी को दी मात

हो ची मिन सिटी (वियतनाम) 
वियतनाम ओपन में भारत के अग्रणी पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ियों में से एक सौरभ वर्मा पुरुषों के एकल वर्ग के फाइनल में पहुंच गए हैं। शनिवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में सौरभ ने जापान के मिनोरू कोगा को 22-20, 21-15 से हराया। यह मुकाबला 51 मिनट चला। इन दोनों के बीच यह दूसरी भिड़ंत थी और दोनों ही मौकों पर सौरभ विजयी रहे हैं। पिछले साल डच ओपन और कोरिया ओपन का खिताब जीतने वाले इस राष्ट्रीय चैंपियन का फाइनल में सामना चीन के सुन फेई शिआंग से होगा। सौरभ ने इस साल की शुरुआत में स्लोवेनिया अंतरराष्ट्रीय में खिताबी जीत दर्ज करने के दौरान मिनोरु को हराया था। जीत के बाद सौरभ ने ट्वीट किया, ‘जापान के मिनोरु कोगा के खिलाफ 22-20, 21-15 से जीत दर्ज कर वियतनाम ओपन सुपर 100 टूर्नमेंट के फाइनल पहुंचा, खिताब के लिए कल (रविवार) को चीन के खिलाड़ी के खिलाफ खेलूंगा।'

इससे पहले भारतीय शटलर ने स्थानीय खिलाड़ी टिएन मिन्ह एनगुएन को सीधे सेटों में हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। भारतीय खिलाड़ी ने 43 मिनट तक मुकाबले को 21-13, 21-18 से जीता। बता दें कि सौरभ पिछले महीने चीनी ताइपै ओपन में अंतिम 16 में हार गए थे। वर्मा प्रतियोगता में बाकी भारत के इकलौते खिलाड़ी हैं। उन्होंने प्री-क्वॉर्टर फाइनल में जापान के यू इगार्शी को 52 मिनट तक चले मुकाबले में 25-23, 24-22 से मात दी थी। गुरुवार को खेले गए अन्य मुकाबलों में सिरिल वर्मा और शुभंकर डे को हार का सामना करना पड़ा था।