Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

चोट के कारण बीच मुकाबले से हटीं सिमोना हालेप

वुहान (चीन)
 विंबलडन चैंपियन सिमोना हालेप को पीठ के निचले हिस्से की समस्या के कारण वुहान ओपन टेनिस टूर्नामेंट से बीच से ही हटना पड़ा।

हालेप ने कहा कि इस समस्या के कारण उन्हें तीसरे दौर के मैच से हटने के लिए बाध्य होना पड़ा, जो उन्हें एक साल पहले बीजिंग में चीन ओपन में लगी थी। दो बार की ग्रैंडस्लैम चैंपियन हालेप ने कहा, 'यह पीठ का निचला हिस्सा है। मुझे अभी इसके बारे में नहीं पता, लेकिन यह मांसपेशियों की समस्या लग रही थी, लेकिन अभी मैंने ठीक तरह से देखा नहीं है।' कजाखिस्तान की एलिना रेबाकिना के खिलाफ मुकाबले में रोमानिया की हालेप ने नौवें गेम में मेडिकल टाइम आउट लिया और फिर उन्होंने हटने का फैसला किया। तब वह 4-5 के स्कोर पर सर्विस कर रही थीं। रेबाकिना बेलारूस की आर्यना सबालेंका से भिड़ेंगी, जिन्होंने नीदरलैंड्स की किकी बर्टेस को 6-1, 7-6 से हराया।

उधर, विश्व की नंबर एक टेनिस खिलाड़ी एश्ले बार्टी ने अमेरिका की सोफिया केनिन को 6-3, 7-5 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। ऑस्ट्रेलियाई स्टार बार्टी अब क्वार्टर फाइनल में पेत्रा मार्टिक से भिड़ेंगी, जिन्होंने क्वालीफायर वेरोनिका कुदेरमेतोवा को 6-3, 6-1 से हराया।

पहले ही दौर में हारे किर्गियोस

ऑस्ट्रेलियाई टेनिस स्टार निक किर्गियोस ने एक बार फिर अंडरआर्म सर्विस की, लेकिन जुहाई चैंपियनशिप के पहले ही दौर में उन्हें नाटकीय ढंग से हारकर बाहर होना पड़ा। इटली के अनुभवी टेनिस खिलाड़ी आंद्रेयास सिप्पी के खिलाफ मुकाबले के पहले सेट में 24 वर्षीय किर्गियोस एक समय 4-1 से आगे चल रहे थे, लेकिन इसके बावजूद उन्हें 6-7, 1-6 से हार झेलनी पड़ी। पहले सेट के दौरान किर्गियोस ने अंडरआर्म सर्विस करके दर्शकों का मनोरंजन किया। हालांकि, एक अच्छी खासी बढ़त लेने के बाद दुनिया के 27वें नंबर के खिलाड़ी किर्गियोस को खराब सर्विस की वजह से मुकाबले को गंवाना पड़ा। इस दौरान उनके कंधे में भी परेशानी महसूस हुई। दूसरे सेट को 35 वर्षीय सिप्पी ने एकतरफा बना दिया और 65 मिनट तक चले इस मुकाबले को जीतकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।

टोक्यो में खेलेंगे जोकोविक

दुनिया के नंबर एक पुरुष टेनिस खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविक ने अभ्यास करना शुरू कर दिया है और वह अगले सप्ताह टोक्यो में खेलते नजर आएंगे। इस बात की जानकारी उनके प्रेस टीम के एक सदस्य ने दी। जोकोविक कंधे की चोट की वजह से यूएस ओपन में स्टान वावरिंका के खिलाफ चौथे दौर के मुकाबले से हट गए थे। सर्बियाई मीडिया के मुताबिक जोकोविक बिना किसी तकलीफ के पिछले दो दिनों से अभ्यास कर रहे हैं।