Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

राष्ट्रीय हाकी शिविर के लिये 22 खिलाड़ियों का चयन

नयी दिल्ली
हाकी इंडिया ने एक और दो नवंबर को भुवनेश्वर में होने वाले एफआईएच ओलंपिक क्वालीफायर से पहले पुरूष हाकी टीम के राष्ट्रीय शिविर के लिये 22 खिलाड़ियों का चयन किया । खिलाड़ी सोमवार से कलिंगा स्टेडियम पर लगने वाले शिविर में मुख्य कोच ग्राहम रीड को रिपोर्ट करेंगे । भारतीय टीम हाल ही में बेल्जियम के सफल दौरे से लौटी है जहां उसने मेजबान को तीन और स्पेन को दो मैचों में हराया । भारत को अगले महीने तोक्यो ओलंपिक क्वालीफायर में रूस से खेलना है । रीड ने एक बयान में कहा ,‘‘ बेल्जियम दौरे से टीम का आत्मविश्वास बढा है । इस दौरे से काफी कुछ सीखा जिसका फायदा क्वालीफायर में मिलेगा।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ यह अच्छा दौरा था जिसमें हम पेनल्टी कार्नर के अलावा फील्ड गोल करने में भी कामयाब रहे । 

बेल्जियम और स्पेन जैसी उम्दा टीमों के खिलाफ खेलने से आत्मविश्वास बढा है । हम इस लय को बरकरार रखने की कोशिश करेंगे ।’’ टीम : पी आर श्रीजेश, कृष्णन पाठक, हरमनप्रीत सिंह, वरूण कुमार, सुरेंदर कुमार, बीरेंद्र लाकड़ा, रूपिंदर पाल सिंह, गुरिंदर सिंह, अमित रोहिदास, कोथाजीत सिंह, मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, नीलाकांता शर्मा, विवेक सागर प्रसाद, सिमरनजीत सिंह, आकाशदीप सिंह, रमनदीप सिंह, एस वी सुनील, मनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, गुरसाहिबजीत सिंह , शमशेर सिंह ।