Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप: फाइनल में 8वें पायदान पर रहीं जैवलिन थ्रोअर अनु रानी

दोहा
भारतीय महिला भालाफेंक एथलीट अनु रानी ने दोहा में जारी विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के फाइनल में आठवां स्थान हासिल किया. अनु ने मंगलवार को हुए फाइनल में दमदार शुरुआत की और पहले प्रयास में 59.25 मीटर की दूरी तक भाला फेंका और 12 खिलाड़ियों में पांचवें पायदान पर रहीं.

दूसरे प्रयास में उन्होंने अपने प्रदर्शन में सुधार किया और 61.12 मीटर की दूरी तय की, लेकिन दो स्थान खिसक कर सातवें स्थान पर पहुंच गईं. तीसरे प्रयास पर वह बेहतर नहीं कर पाईं और 60.20 मीटर के साथ सातवें पायदान पर रहीं. इसके बाद चौथे प्रयास में अनु ने 60.40 मीटर का थ्रो फेंका जो उन्हें आठवें पायदान पर ले गया.

अनु ने पांचवें और छठे प्रयास पर क्रमश: 58.49 मीटर और 57.93 मीटर का थ्रो फेंका और उन्हें आठवें पायदान से ही संतोष करना पड़ा. ऑस्ट्रेलिया की केस्ले-ली बार्बर ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि चीन की शीयिंग लियू और हुईर्हु लियू क्रमश: रजत और कांस्य पदक अपने नाम किया.

सोमवार को अनु ने रिकॉर्ड बनाते हुए महिलाओं की भाला फेंक स्पर्धा के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय बनने का गौरव हासिल किया था.

अनु ने चैम्पियनशिप में अपना खुद का पुराना रिकॉर्ड (62.34) तोड़ते हुए ग्रुप-ए के क्वालिफायर में 62.43 मीटर का थ्रो फेंककर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था और क्वालिफायर में पांचवें स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालिफाई किया था.