साल 2004 में भारत और पाकिस्तान के बीच पाकिस्तान में क्रिकेट सीरीज का आयोजन किया गया था। दोनों ही टीमें जबरदस्त फॉर्म में थीं। 13 मार्च को पांच मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच कराची में आयोजित हुआ। मैच में पाकिस्तान के कप्तान इंजमाम उल हक ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला लिया।
भारतीय टीम के दोनों ओपनरों सचिन और सहवाग ने तेज तर्रार शुरूआत दी। सचिन पूरे रंग में नजर आ रहे थे। तो दूसरे छोर से सहवाग ने मोर्चा संभाला और पारी के चौथे ओवर में मोहम्मद समी पर बरस पड़े और ओवर में तीन चौके जड़ दिए।
हालांकि सचिन 35 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद सौरव गांगुली सहवाग का साथ निभाने आए और दोनों ने अगले कुछ समय तक धमा- चौकड़ी मचा दी। दोनों ही छोरों से तेज- तर्रार बल्लेबाजी देखने को मिली। सहवाग ने आउट होने से पहले 57 गेंदों में 79 रन बनाए और पारी के 15वें ओवर में आउट हुए।
सहवाग के आउट होने के बाद राहुल द्रविड़ बल्लेबाजी करने को आए। गांगुली और द्रविड़ ने आपस में अर्धशतकीय साझेदारी निभाई। गांगुली ने आउट होने के पहले 47 गेंदों में 45 रन बनाए और इस दौरान तीन चौकों के साथ दो गगनचुंबी छक्के जड़े। गांगुली के आउट होने के वक्त टीम इंडिया का स्कोर 214/3 था।
इस मैच में द्रविड़ ने शानदार 99 रन बनाए। भले ही वे अपने शतक से एक रन दूर रह गए लेकिन उनके चलते भारतीय टीम ने पाकिस्तान के सामने 350 रन का लक्ष्य दिया।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम ने 34 रनों के स्कोर पर ही अपने शुरुआती ओपनरों यासिर हमीद(7) और इमरान फरहत(24) को गंवा दिया। लेकिन अभी तो भूचाल आना बाकी था। युसुफ योहाना(वर्तमान में मोहम्मद युसुफ) और इंजमाम उल हक पिच पर जम गए और अगले कई ओवरों तक भारतीय गेंदबाजों की खबर ली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 135 रन जोड़े और एस समय ऐसा लगने लगा कि मैच टीम इंडिया के हाथ से फिसल गया।
हालांकि उसके बाद मोहम्मद यूसुफ 73 रन बनाकर आउट हो गए। लेकिन इंजमाम अपने पूरे रंग में थे और यूनुस खान के साथ चौथे विकेट के लिए भी शतकीय साझेदारी निभा डाली।
पाकिस्तान 270 के पार जा चुका था और अब लक्ष्य उनके बेहद करीब नजर आ रहा था। भारतीय खेमे में परेशानी पसरी पड़ी थी। लेकिन इसी बीच मुरली कार्तिक ने इंजमाम को 122 के स्कोर पर आउट कर दिया और 278 के स्कोर पर पाकिस्तान का पांचवां विकेट गिर गया। हालांकि इसके बाद पाकिस्तान का कोई भी बल्लेबाज टिक नही पाया और अंत मे पाकिस्तान 5 रन के मामूली अंतर से मैच गवां बैठा।
Herald