Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

साबले ओलिंपिक क्वॉलिफाइ, तोड़ा अपना रेकॉर्ड

दोहा
भारत के अविनाश साबले ने दोहा में चल रही वर्ल्ड ऐथलेटिक्स चैम्पियनशिप में कमाल का प्रदर्शन करते हुए अपना ही नेशनल रेकॉर्ड ध्वस्त कर दिया। वह 3000 मीटर स्टीपलचेज में तोक्यो ओलिंपिक के लिए क्वॉलिफाइ किया है। अविनाश ने तीन दिनों के भीतर ही अपने पुराने रेकॉर्ड को तोड़ा है। उन्होंने 8 मिनट 21.37 सेकंड में राउंड को पूरा किया, जबकि ओलिंपिक के लिए क्वॉलिफाइंग टाइम 8 मिनट 22 सेकंड है। अविनाश का पुराना रेकॉर्ड 8 मिनट 25.23 सेकंड का था। इस रेस में वह 13वें स्थान पर रहे।

मौजूदा ओलिंपिक चैम्पियन कॉन्सेसलस किपरुतो नंबर वन पर
3000 मीटर स्टीपलचेज रेस में नंबर वन पर केन्या के मौजूदा ओलिंपिक चैम्पियन कॉन्सेसलस किपरुतो रहे। उन्होंने 8 मिनट 1.35 सेकंड में राउंड को पूरा किया। इथोपिया के लमेचा गिरमा 8 मिनट 1.36 सेकंड में रेस पूरा कर दूसरे नंबर पर और मोरक्को के सौफियाना बक्काली 8 मिनट 3.76 सेकंड में रेस पूरा कर तीसरे स्थान पर रहे।

हीट रेस में विफल रहे थे अविनाश
अविनाश साबले मूल रूप से महाराष्ट्र के मांडवा के रहने वाले हैं। मंगलवार को आयोजित हीट रेस में वह विफल रहे थे। लेकिन, एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) ने कहा कि रेस के दौरान दूसरे खिलाड़ियों ने बीच में बाधा डालने कि कोशिश की। AFI की शिकायत पर रेस रेफरी ने वीडियो फुटेज की जांच की और AFI की दलील को स्वीकार किया गया। बाद में अविनाश को 3000 मीटर स्टीपलचेज की फाइनल लिस्ट में शामिल किया गया।