Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

मेरीकॉम विश्व महिला मुक्केबाजी चैम्पियनशिप के क्वार्टर फाइनल में

उलान उदे (रूस)
छह बार की चैम्पियन एमसी मेरीकॉम ने मंगलवार को दूसरे दौर के मुकाबले में आसान जीत के साथ विश्व महिला मुक्केबाजी चैम्पियनशिप के कवार्टर फाइनल में प्रवेश किया. 51 किलोग्राम भारवर्ग में मेरीकॉम ने थाईलैंड की जुतामस जितपोंग को 5-0 से हराया. तीसरी वरीय मेरीकॉम को पहले दौर में बाई मिली थी.

अपने बदले हुए भारवर्ग 51 किलोग्राम में पहले विश्व खिताब के लिए रिंग में उतरीं मेरीकॉम ने खेल अपनी पहचान के मुताबिक ही खेला. दोनों मुक्केबाजों ने आक्रामक शुरुआत की थी और यही कारण था कि कई बार रेफरी को इन दोनों को अलग करने के लिए कहना पड़ा. मेरीकॉम हालांकि पहले राउंड के अंत में थोड़ा डिफेंसिव होकर खेलने लगीं. उन्होंने मौका देखते ही अच्छे पंच बरसाए.

दूसरे राउंड में भी यही हाल रहा. दोनों मुक्केबाज अपनी आक्रामकता में कमी नहीं कर रही थीं. मेरीकॉम 1-2 के संयोजन से अंक बटोरने की कोशिश में थीं और सही जगह पंच लगाने में भी सफल हो रही थीं, साथ ही वह अपनी फुर्ती के कारण जितपोंग के पंचों से अच्छा बचाव भी कर रही थीं. तीसरे दौर में भी मेरीकॉम ने दाएं और बाएं जैब का अच्छा इस्तेमाल किया और जितपोंग के करीबन आने पर अपरकट भी लगाए. अंतत: मेरीकॉम के हिस्से जीत आई.

उधर, मंजू रानी ने पहले ही चैम्पियनशिप के कवार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है. 48 किलोग्राम भारवर्ग में छठी वरीय भारतीय मंजू ने सोमवार को वेनेजुएला की रोजास टेयोनिस सेडेनो को 5-0 से हराया था. मेरीकॉम और मंजू इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पदक जीतने से अब सिर्फ एक जीत दूर हैं. क्वार्टर फाइनल में हालांकि मंजू की राह आसान नहीं होगी, जहां उन्हें पिछली बार की कांस्य पदक विजेता और शीर्ष वरीय दक्षिण कोरिया की किम हयांग मी से 10 अक्टूबर को भिड़ना है.