टोक्यो
सर्बिया के सुपरस्टार टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविक ने जापान के वाइल्ड कार्ड से प्रवेश पाने वाले गो सोएदा की कड़ी चुनौती से पार पाकर बुधवार को यहां जापान ओपन टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। नोवाक जोकोविक ने सोएदा को सीधे सेटों में 6-3, 7-5 से हरा दिया।
क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के बाद नोवाक जोकोविक ने कहा है कि उनके चोटिल कंधे पर अब किसी तरह की परेशानी नहीं है जिसके कारण उन्हें यूएस ओपन के बीच से हटना पड़ा था। ऐसे नोवाक की निगाहें जापान ओपन 2019 खिताब को जीतने पर होंगी, क्योंकि यूएस ओपन में वे आखिरी दौर में चोट की वजह से बाहर हुए थे।
नोवाक जोकोविक ने आगे कहा, "मैं अब लगातार तीन दिन तक खेल चुका हूं। सब कुछ अच्छा चल रहा है।" इस बीच बेल्जियम के तीसरी वरीयता प्राप्त डेविड गोफिन ने पहला सेट गंवाने के बाद वापसी करते हुए स्पेन के पाब्लो कारेनो बस्टा को 1-6, 7-6, 6-0 से पराजित किया। ऑस्ट्रेलियाई क्वालीफायर जॉन मिलमैन ने फ्रांस के एड्रियन मनेरिनो को 4-6, 6-3, 6-4 से हराया।