नई दिल्ली
दक्षिण अफ्रीका को भारत के खिलाफ 3 टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट मैच में भले ही हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन टीम के खिलाडी़ सेनुरन मुथुसामी और डेन पीट ने कुछ बड़े रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिए है। इश मैच में सेनुरन मुथुसामी ने नाबाद 49 रन बनाए। इसी के साथ मुथुसामी टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में ऐसे पहले खिलाडी़ बन गए हैं, जिन्होंने अपने टेस्ट डेब्यू में नाबाद 49 रन की पारी खेली हो।
इस मैच में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 203 रनों से मात दी। दक्षिण अफ्रीका की हार का अंतर और बड़ा होता लेकिन सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे सेनुरन मुथुसामी (108 गेंद में नाबाद 49) और 10वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे डेन पीट (107 गेंद में 56 रन) ने नौवें विकेट के लिए 91 रन की रिकॉर्ड साझेदारी करके भारत के जीत के इंतजार को बढ़ाया।
मुथुस्वामी और पीट की इस साझेदारी से पहले भारत में दक्षिण अफ्रीका की ओर से नौवें विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड फेनी डिविलियर्स और एलेन डोनाल्ड के नाम दर्ज था, जिन्होंने 60 रन जोड़े थे।
सेनुरन मुथुसामी और डेन पीट ने नौवीं विकेट के लिए सर्वाधिक 91 रनों की भागीदारी की। उन्होंने वीवीएस लक्ष्मण और अनिल कुंबले के बीच हुई 80 रन की साझेदारी के रिकॉर्ड को भी तोड़ा।
साथ ही डेन पीट द्वारा बटोरे रन भारत में चौथी पारी में आठवें या उससे निचले क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए किसी खिलाड़ी का सर्वाधिक स्कोर भी है। इससे पहले का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के नाथन एस्टल के नाम था, जिन्होंने अक्टूबर 2003 में अहमदाबाद में आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 51 रन बनाए थे।
बता दें कि भारत ने दक्षिण अफ्रीका के सामने जीत के लिए 395 रन का लक्ष्य रखा था। दक्षिण अफ्रीका ने पांचवे दिन एक विकेट पर 11 रन से आगे खेलना शुरू किया और उसकी दूसरी पारी 63.5 ओवर में 191 रन पर सिमट गई। भारत की दोनों पारियों में 176 और 127 रन बनाने वाले ओपनर रोहित शर्मा को 'मैन ऑफ द मैच' का पुरस्कार दिया गया। टीम इंडिया ने 7 विकेट पर 502 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित की थी। दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में 431 रन बनाए थे। भारत को पहली पारी के आधार पर 71 रनों की बढ़त मिली और भारत ने अपनी दूसरी पारी 4 विकेट पर 323 रन पर घोषित कर दक्षिण अफ्रीका के सामने 395 रनों का लक्ष्य रखा।