Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

मंजू रानी विश्व महिला मुक्केबाजी चैम्पियनशिप के क्वार्टर फाइनल में

उलान उदे

भारत की मंजू रानी ने सोमवार को अंतिम-16 के मुकाबले में आसान जीत के साथ विश्व महिला मुक्केबाजी चैम्पियनशिप के कवार्टर फाइनल में प्रवेश किया. 48 किलोग्राम भारवर्ग में छठी वरीय भारतीय मंजू ने वेनेजुएला की रोजास टेयोनिस सेडेनो को 5-0 से हराया.

विश्व चैम्पियनशिप में पदार्पण कर रहीं मंजू इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पदक जीतने से अब सिर्फ एक जीत दूर हैं. क्वार्टर फाइनल में हालांकि मंजू की राह आसान नहीं होगी, जहां उन्हें पिछली बार की कांस्य पदक विजेता और शीर्ष वरीय दक्षिण कोरिया की किम हयांग मी से 10 अक्टूबर को भिड़ना है.

रानी हालांकि सेडेनो के खिलाफ दमदार मुक्के लगाने के विफल रहीं, लेकिन भारतीय मुक्केबाज ने विरोधी खिलाड़ी की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया. दोनों मुक्केबाजों ने रक्षात्मक रवैया अपनाया, लेकिन मंजू के मुक्के अधिक सटीक थे.

मंगलवार को छह बार की चैम्पियन एमसी मेरीकॉम (51 किग्रा) प्री-क्वार्टर में अपने अभियान की शुरुआत थाईलैंड की जुतामस जितपोंग के खिलाफ करेंगी. तीसरी वरीय भारतीय को पहले दौर में बाई मिली है.

पूर्व रजत पदक विजेता स्वीटी बूरा 75 किग्रा वर्ग में दूसरी वरीय वेल्स की लारेन प्रिंस से भिड़ेंगी. लारेन यूरोपीय खेलों की स्वर्ण पदक विजेता और पिछली विश्व चैम्पियनशिप की कांस्य पदक विजेता हैं.