Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

टेस्ट में ओपनिंग को लेकर रोहित शर्मा बोले- मैं इसके लिए पहले से तैयार था

विशाखापट्टनम    
बतौर सलामी बल्लेबाज पहली बार खेलते हुए यहां दक्षिण अफ्रीका के साथ खेले गए पहले टेस्ट मैच में दोनों पारियों में शतक लगाने वाले भारत के ओपनर रोहित शर्मा को 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया। भारत ने पहले टेस्ट में मेहमान टीम को 203 रनों से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। रोहित ने इस मैच की पहली पारी में 176 और दूसरी पारी में 127 रन बनाए। दोनों पारियों में रोहित ने 13 छक्के लगाए। रोहित ने कहा कि कुछ साल पहले उनसे कहा गया था कि वह टेस्ट मैचों में पारी की शुरुआत कर सकते हैं और यही कारण है कि वह नेट्स पर नई गेंद से अभ्यास किया करते थे।

रोहित ने इससे पहले कभी टेस्ट में ओपनिंग नहीं की थी। रोहित ने कहा, “कुछ साल पहले मुझे यह संकेत दिया गया था। मैं शारीरिक और मानसिक तौर पर इसके लिए तैयार था। मेरे लिए यह चौंकाने वाले निर्णय नहीं था। आप चाहें लाल गेंद से खेलें या फिर सफेद से, पारी की शुरुआत में आपको सावधानी बरतनी होती है। आपको अपने बेसिक्स पर ध्यान देना होता है और अच्छी गेंदों का सम्मान करना होता है।”

मुंबई के इस बल्लेबाज ने 'मैन ऑफ द मैच' पुरस्कार हासिल करने के बाद कहा, ''यहां मेरा काम खास तरीके से खेलना है, वे मेरे से यही उम्मीद करते हैं। और मैं ऐसा करने का प्रयास करता रहूंगा।'

रोहित ने कहा, ''कुछ साल पहले ही मुझे बता दिया गया था कि एक दिन मैं शायद पारी का आगाज कर सकता हूं। यहां तक कि नेट्स पर भी मैं नई गेंद से अभ्यास करता था। मैं यह नहीं कहू्ंगा कि यह हैरानी भरा था।'' उन्होंने कहा, ''शीर्ष पर यह मेरे लिए शानदार मौका था। इस मौके के लिए आभारी हूं, यह ध्यान में रखते हुए कि मैंने पहले ऐसा कभी नहीं किया था।''