Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

दलीप ट्रॉफी में बदलाव चाहते हैं सचिन तेंदुलकर, बीसीसीआई अध्यक्ष गांगुली को बताई खामियां

नई दिल्ली
चैंपियन क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का मानना है कि दलीप ट्रॉफी में खिलाड़ियों का ध्यान टीम से अधिक व्यक्तिगत प्रदर्शन पर रहता है और बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली को इसमें बदलाव करना चाहिए। तेंदुलकर ने कहा, ‘मैं चाहता हूं कि गांगुली दलीप ट्रॉफी को देखें। यह ऐसा टूर्नामेंट है कि खिलाड़ी अपने प्रदर्शन और अगले टूर्नामेंट पर ज्यादा फोकस करते हैं और उसी के अनुसार खेलते हैं ।’

उन्होंने कहा, ‘यदि आईपीएल की नीलामी है या टी-20 टूर्नामेंट या वनडे है तो खिलाड़ी उसी तरह से खेलते हैं। वे टीम के लिए नहीं खेलते। इस पर ध्यान देने की जरूरत है।’ दलीप ट्रॉफी पांच टीमों का क्षेत्रीय टूर्नामेंट था लेकिन अब इसमें इंडिया ब्लू, इंडिया ग्रीन और इंडिया रेड टीमें राउंड राबिन प्रारूप में खेलती हैं।

उन्होंने कहा कि इसे रणजी ट्रॉफी फाइनल के तुरंत बाद खेला जाना चाहिए और उन चार टीमों के बीच होना चाहिए जो सेमीफाइनल तक पहुंची हैं और पूरा सत्र साथ में खेलती हैं।  उन्होंने कहा , ‘ शीर्ष चार रणजी टीमों के साथ दो और टीमें इसमें हों क्योंकि ऐसी कई टीमें होंगी जिनमें प्रतिभाशाली खिलाड़ी होंगे लेकिन क्वालीफाई नहीं कर पाती। अंडर 19, अंडर 23 अलग अलग टीमों से इन खिलाड़ियों को लिया जा सकता है।’

सचिन ने कहा, ‘मैं दलीप ट्रॉफी में बदलाव देखना चाहता हूं क्योंकि क्रिकेट हमेशा से टीम का खेल रहा है। यह टीम भावना और एक टीम के रूप में साथ खेलने को लेकर है। इसमें व्यक्तिगत प्रदर्शन पर फोकस नहीं रहना चाहिए।’