Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

हॉन्ग कॉन्ग ओपन : प्रणॉय और सिंधु अगले दौर में, साइना और समीर हारे

हॉन्ग कॉन्ग 
वर्ल्ड चैंपियन शटलर भारत की स्टार पीवी सिंधु और एचएस प्रणॉय ने जीत के साथ आगाज किया जबकि भारतीय बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल और समीर वर्मा हॉन्ग कॉन्ग ओपन के पहले ही दौर में हारकर बाहर हो गए। वर्ल्ड नंबर-6 सिंधु पिछले कुछ टूर्नमेंटों में पहले दौर से बाहर हो गई थीं। सिंधु ने 36 मिनट में दुनिया की 19वें नंबर की खिलाड़ी कोरिया की किम गा यून को 21-15, 21-16 से हरा दिया। अब उनका सामना थाइलैंड की बुसानन ओंगबामरूंगफान से होगा। 

सिंधु के अलावा एचएस प्रणॉय ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पुरुष एकल के दूसरे दौर में जगह बना ली। चार लाख डॉलर की इनामी राशि वाले इस टूर्नमेंट में प्रणॉय ने चीन के हुआंग यू शियांग को मात दी। प्रणॉय ने सीधे गेमों में 21-17, 21-17 से जीत दर्ज करते हुए दूसरे दौर में प्रवेश किया। उन्होंने यह मैच जीतने के लिए कुल 44 मिनट का समय लिया।

वहीं, आठवीं वरीयता प्राप्त साइना पिछले छह टूर्नमेंटों में पांचवीं बार पहले दौर में हार गईं। इस साल जनवरी में इंडोनेशिया मास्टर्स जीतने वाली साइना को चीन की केइ यान यान ने लगातार दूसरी बार 21-13, 22-20 से हराया। पिछले सप्ताह भी वह केइ से हारी थीं। दुनिया के 16वें नंबर के खिलाड़ी समीर 54 मिनट तक चले मुकाबले में चीनी ताइपे के वांग जू वेइ से 11-21, 21-13, 8-21 से हार गए। यह पहले दौर में उनकी लगातार तीसरी हार है। 

साइना और समीर दोनों को अगले सप्ताह ग्वांग्झू कोरिया मास्टर्स सुपर 300 टूर्नमेंट खेलना है। साइना पहले गेम से ही केइ की चुनौती के सामने टिक नहीं सकीं। चीनी खिलाड़ी ने ब्रेक तक 11-4 से बढ़त बना ली और पहला गेम आसानी से जीत लिया। दूसरे गेम में साइना शुरू में 3-0 से आगे थीं लेकिन केइ ने लगातार सात अंक लेकर 9-4 की बढ़त बना ली। ब्रेक के बाद उसकी बढ़त 17-11 की हो गई। हालांकि साइना ने वापसी कर गेम पॉइंट बनाया लेकिन लय बरकरार नहीं रख सकीं। दूसरी ओर समीर ने पहला गेम गंवाने के बाद दूसरे गेम में वापसी की। तीसरे गेम में हालांकि वह बिल्कुल नहीं टिक सके।