Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

अंगद और सानिया बने स्कीट राष्ट्रीय चैंपियन

नई दिल्ली    
अंगद बाजवा और सानिया शेख डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में चल रही 63वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिता (शॉटगन) में शुक्रवार को नए स्कीट राष्ट्रीय चैंपियन बन गए हैं। अंगद ने अपने सीनियर साथी और टोक्यो ओलम्पिक कोटा हासिल कर चुके उत्तर प्रदेश के मैराज अहमद खान को पीछे छोड़ कर स्वर्ण पदक जीता।

अंगद ने 60 का पूरा स्कोर लिया और स्कीट के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की। अंगद के नाम संयुक्त रूप से यह रिकॉर्ड स्कीट लीजेंड विन्सेंट हैनकॉक और दो अन्य के साथ है।

मैराज ने कुछ शॉट गंवाए और उन्हें अपने युवा साथी से हार का सामना करना पड़ा। दोनों निशानेबाजों ने इस महीने के शुरू में क़तर में एशियाई चैंपियनशिप में पहला और दूसरा स्थान हासिल किया था।

मैराज ने क्वॉलिफाइंग में 125 का परफेक्ट स्कोर किया था और विश्व रिकॉर्ड बनाया था। हालांकि दोनों के विश्व रिकॉर्ड को आधिकारिक मान्यता नहीं दी जाएगी।

सानिया शेख ने अरीबा खान को शूट ऑफ में 10-8 से हराकर तीसरी बार राष्ट्रीय स्कीट खिताब जीता। पंजाब के अभय सिंह शेखों और परनाज़ धालीवाल ने जूनियर वर्ग में क्रमश:पुरुष और महिला खिताब जीते।