Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के लिए टीम का चयन कल, रोहित हो सकते हैं आउट, धौनी की वापसी संभव!

 कोलकाता 
अगले महीने वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम भारत दौरे पर आएगी। भारत दौरे पर वेस्टइंडीज को तीन-तीन मैचों की ट्वंटी20 और वनडे सीरीज खेलनी है। इस सीरीज के लिए टीम इंडिया की घोषणा गरुवार (21 नवंबर) को होनी है। सिलेक्शन कमिटी की मीटिंग में दो बातों पर खासतौर पर चर्चा होगी, एक उप-कप्तान रोहित शर्मा के वर्कलोड पर और दूसरा शिखर धवन की फॉर्म पर। धवन विश्व कप के दौरान चोटिल हो गए थे, और जब से टीम में वापसी की है, तब से ही खराब फॉर्म में चल रहे हैं।

एमएसके प्रसाद की अध्यक्षता में चयन समिति की ये आखिरी बैठक होगी क्योंकि उनका और मध्य क्षेत्र के चयनकर्ता गगन खोड़ा का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। सब कुछ ठीक रहने पर रोहित को तीन मैचों की इस सीरीज से आराम दिया जाएगा ताकि वो अगले साल न्यूजीलैंड दौरे पर तरोताजा रहे जहां भारत को पांच टी20 इंटरनेशनल, तीन वनडे इंटरनेशनल और दो टेस्ट मैच खेलने हैं। भारतीय टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन टी20 मैच खेलने हैं, जो मुंबई (6 दिसंबर), तिरुवनंतपुरम (8 दिसंबर) और हैदराबाद (11 दिसंबर) में खेले जाएंगे। तीन वनडे चेन्नई (15 दिसंबर), विशाखापट्टनम (18 दिसंबर) और कटक (22 दिसंबर) में होने हैं।

रोहित ने इस साल आईपीएल समेत 60 प्रतिस्पर्धी मैच खेले हैं। इस साल वो 25 वनडे, 11 टी20 इंटरनेशनल खेल चुके हैं, जो कप्तान विराट कोहली से तीन वनडे और चार टी20 इंटरनेशनल अधिक है। विराट को दो बार आराम दिया जा चुका है। सलामी बल्लेबाज धवन की फॉर्म पर भी चर्चा होगी। टेस्ट क्रिकेट में मयंक अग्रवाल का शानदार फॉर्म और लिस्ट ए में 50 से अधिक की औसत के कारण उन्हें तीसरे सलामी बल्लेबाज के तौर पर शामिल किया जा सकता है। धवन ने बांग्लादेश के खिलाफ तीन टी20 मैचों में 41, 31 और 19 रन बनाए। अपनी लय हासिल करने के लिए उन्होंने घरेलू क्रिकेट भी खेला लेकिन बड़ा स्कोर नहीं बना सके। दूसरी ओर मयंक अग्रवाल ने बांग्लादेश के खिलाफ इंदौर टेस्ट में डबल सेंचुरी बनाई।

धौनी कर सकते हैं टीम में वापसी
ऋषभ पंत के लगातार खराब फॉर्म पर भी बात की जाने की संभावना है। महेंद्र सिंह धौनी ने प्रैक्टिस शुरू कर दी है और अगर पंत आगामी सीरीज के लिए टीम में जगह नहीं बना पाते हैं तो उन्हें 38 साल के धौनी से प्रतिस्पर्धा का सामना करना होगा। हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, नवदीप सैनी और भुवनेश्वर कुमार अभी भी चोटों से जूझ रहे हैं लिहाजा शिवम दुबे और शार्दुल ठाकुर का टीम में बने रहना तय है। स्पिन गेंदबाजी हरफनमौला वॉशिंगटन सुंदर और कृणाल पांड्या भी अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर सके हैं। ऐसे में युजवेंद्र चहल और रविंद्र जडेजा के खेलने पर इनमें से एक को बाहर किया जा सकता है। दीपक चाहर तेज आक्रमण की अगुवाई करेंगे लेकिन खलील अहमद काफी महंगे साबित हुए हैं। उन्होंने पिछले दो टी20 मैचों में आठ ओवरों में 81 रन दे डाले।