Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के लिए आज टीम इंडिया का होगा चयन

कोलकाता
वेस्टइंडीज के खिलाफ सीमित ओवरों की घरेलू सीरीज के लिए गुरुवार को भारतीय टीम का चयन होगा। इस दौरान उपकप्तान रोहित शर्मा के कार्यभार प्रबंधन और सलामी बल्लेबाज शिखर धवन की खराब फॉर्म पर भी चर्चा की जाएगी। एमएसके प्रसाद की अध्यक्षता में चयन समिति की यह आखिरी बैठक होगी। उनका और मध्य क्षेत्र के चयनकर्ता गगन खोड़ा का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।

रोहित को ब्रेक संभव: सब कुछ ठीक रहने पर रोहित को तीन मैचों की इस सीरीज से विश्राम दिया जाएगा ताकि वह अगले साल न्यूजीलैंड दौरे पर तरोताजा रहें जहां भारत को पांच टी-20, तीन वनडे और दो टेस्ट खेलने हैं।

रोहित ने इस साल आईपीएल समेत 60 प्रतिस्पर्धी मैच खेले हैं। इस साल वह 25 वनडे, 11 टी-20 खेल चुके हें जो कप्तान विराट कोहली से तीन वनडे और चार टी-20 अधिक है। विराट को दो बार आराम दिया जा चुका है।

सलामी बल्लेबाज धवन पर भी चर्चा होगी जो विश्व कप से चोट के कारण बाहर होने के बाद से फॉर्म में नहीं हैं। धवन ने बांग्लादेश के खिलाफ तीन टी-20 मैचों में 41, 31 और 19 रन बनाए। अपनी लय हासिल करने के लिए उन्होंने घरेलू क्रिकेट भी खेला लेकिन बड़ा स्कोर नहीं बना सके।

मयंक को उम्मीद: दूसरी ओर टेस्ट क्रिकेट में मयंक अग्रवाल की शानदार फॉर्म और लिस्ट ए में 50 से अधिक की औसत के कारण उन्हें तीसरे सलामी बल्लेबाज के तौर पर शामिल किया जा सकता है। ऋषभ पंत की लगातार खराब फॉर्म पर भी चर्चा की संभावना है क्योंकि महेंद्र सिंह धौनी ने भी अभ्यास शुरू कर दिया है।

चोटों पर चिंता: हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, नवदीप सैनी और भुवनेश्वर कुमार अब भी चोटों से जूझ रहे हैं, लिहाजा शिवम दुबे और शार्दुल ठाकुर का टीम में बने रहना तय है। वाशिंगटन सुंदर और कृणाल पांड्या भी अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर सके हैं।