Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

जोकोविच ने जीता पांचवां पेरिस मास्टर्स खिताब

पेरिस
शीर्ष वरीय टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने रविवार को यहां फाइनल में कनाडा के युवा डेनिस शापोवालोव को हराकर रिकार्ड पांचवां पेरिस मास्टर्स खिताब अपने नाम किया। इस ट्राफी को जीतने के साथ ही उन्होंने साल के अंत में जारी होने वाली विश्व रैंकिंग में शीर्ष पर रहने की उम्मीद बढ़ा दी। अपने 50वें मास्टर्स फाइनल में खेल रहे जोकोविच ने 20 साल के प्रतिद्वंद्वी शापोवालोव (28 रैंकिंग) को 6-3, 6-4 से शिकस्त दी जो राफेल नडाल के सेमीफाइनल से हटने के कारण फाइनल में पहुंचे। जोकोविच हालांकि अगले हफ्ते जारी होने वाली रैंकिंग में नडाल से पीछे ही रहेंगे लेकिन वह फिर भी पीट सम्प्रास के छठे साल शीर्ष पर रहने के रिकार्ड की बराबरी कर सकते हैं। सोलह बार के ग्रैंडस्लैम चैम्पियन के नाम अब 34 मास्टर्स खिताब और एटीपी टूर में कुल 77 ट्राफियां हैं। वह मास्टर्स खिताब में नडाल (35 ट्राफियां) से केवल एक ट्राफी पीछे हैं। यह जोकोविच की इस सत्र में पांचवीं ट्राफी थी। इससे पहले उन्होंने विम्बलडन और आस्ट्रेलियाई ओपन ग्रैंडस्लैम के अलावा मैड्रिड ओपन और तोक्यो में खिताब जीते हैं।