कोलकाता
बांग्लादेश के खिलाफ कोलकाता में खेले जा रहे ऐतिहासिक डे-नाइट टेस्ट मैच में टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने 32 रन बनाते ही टेस्ट क्रिकेट में बतौर कप्तान अपने 5000 रन पूरे कर लिए.
इस दौरान कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व महान कप्तान रिकी पोंटिंग के एक बड़े रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. दरअसल, कप्तान के तौर पर विराट कोहली ने सबसे तेज 5000 टेस्ट रन पूरे कर लिए हैं.
कोहली ने यह कारनामा 86वीं टेस्ट पारी में किया है. इस उपलब्धि के साथ ही उन्होंने रिकी पोंटिंग के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है. रिकी पोंटिंग ने बतौर कप्तान 5000 टेस्ट रन तक पहुंचने के लिए 97 पारियां खेलीं. वहीं क्लाइव लॉयड ने कप्तान के तौर पर टेस्ट में अपने 5000 रन अपनी 106वीं पारी में पूरी की थी.
बतौर कप्तान सबसे तेज 5000 टेस्ट रन
विराट कोहली – 86 पारियां
रिकी पोंटिंग – 97 पारियां
क्लाइव लॉयड – 106 पारियां
ग्रीम स्मिथ – 110 पारियां
इससे पहले बतौर कप्तान कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 4000 रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था. इस दौरान उन्होंने वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज और कप्तान ब्रायन चार्ल्स लारा के बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा.
कोहली ने यह कारनामा 65वीं टेस्ट पारी में किया. ब्रायन लारा ने बतौर कप्तान 4000 टेस्ट रन तक पहुंचने के लिए 71 पारियां खेलीं.
बतौर कप्तान सबसे तेज 4000 टेस्ट रन
65 विराट कोहली
71 ब्रायन लारा
75 रिकी पोंटिंग
80 ग्रेग चैपल