डिफेंडर मार्टी क्रेस्पी के अंतिम मिनट में किए गए गोल की बदौलत क्वेस ईस्ट बंगाल ने आई-लीग के अपने चौथे मैच में शनिवार को मणिपुर की टिडिम रोड एथलेटिक यूनियन (टीआरएयू) एफसी को 2-1 से हरा दिया. ईस्ट बंगाल की चार मैचों में यह दूसरी जीत है और टीम अब आठ अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है. टीम ने दो मैच ड्रॉ भी खेले हैं. वहीं, टीआरएयू की तीन मैचों में यह लगातार तीसरी हार है और टीम सबसे नीचे ग्यारहवें नंबर पर है.
मार्कोस एस्पदा ने 17वें मिनट पर गोल करके मेजबान ईस्ट बंगाल को 1-0 की बढ़त दिला दी. लेकिन पहले हाफ की समाप्ति से एक मिनट पहले ही दीपक देवरानी ने गोल करके टीआरएयू को बराबरी दिला दी. इसके बाद मार्टी क्रेस्पी ने 89वें मिनट में शानदार गोल कर ईस्ट बंगाल को 2-1 की रोमांचक जीत दिला दी.

Third party image reference
मेजबान ईस्ट बंगाल की टीम मैच की शुरुआत से ही ड्राइविंग सीट पर दिखाई दे रही थी. मेजबान टीम ने मैच के 17वें मिनट में हमला बोला. समद अली मल्लिक ने एस्पदा को एक शानदार क्रॉस दिया. स्पेनिश खिलाड़ी ने बिना कोई गलती किए ही गेंद को गोलपोस्ट में डालकर ईस्ट बंगाल को 1-0 की बढ़त दिला दी. ईस्ट बंगाल को 29वें मिनट पर अपनी बढ़त को दोगुना करने को मौका था. लेकिन ओलिवियरा के पास पर पिंटू महता पूरी तरह से गोल दागने से चूक गए. ऐसा लग रहा था कि मेजबान टीम 1-0 की बढ़त के साथ ही दूसरे हाफ में ही प्रवेश करेगी.
लेकिन हाफ टाइम से एक मिनट पहले ही दीपक देवरानी ने बेहतरीन तरीके से बॉल को ईस्ट बंगाल के गोलपोस्ट में डालकर टीआरएयू को 1-1 से बराबरी पर ला दिया. टीआरएयू का इस सीजन का यह पहला गोल है. दूसरे हाफ में 64वें मिनट पर जुआन मेरा का एक शानदार शॉट गोल विपक्षी टीम ने क्लीयर कर दिया. तब लग रहा था कि मैच ड्रा छूटेगा. लेकिन 89वें मिनट पर स्पेनिश लीग के पूर्व डिफेंडर क्रेस्पी ने बिना कोई गलती किए गोल करके मैच समाप्त होने से एक मिनट पहले ही मेजबान ईस्ट बंगाल को 2-1 की शानदार बढ़त दिला दी.

Third party image reference
मैच में निर्धारित समय पूरा होने के बाद चार मिनट का इंजुरी समय जोड़ा गया और ईस्ट बंगाल ने इस बढ़त को अंत तक कायम रखते हुए पूरे अंक बटोर लिए और अंकतालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया. टीआरएयू के लैसराम प्रेमजीत सिंह को हीरो ऑफ द मैच के पुरस्कार के लिए चुना गया. ईस्ट बंगाल को अपना अगला मैच 22 दिसंबर को चिर प्रतिद्वंद्वी मोहन बागान के साथ खेलना है जबकि इसी दिन टीआरएयू का सामना रियल कश्मीर से होगी.
Herald