रेणुका राजपूत की शानदार अर्धशतकीय पारी की मदद से कर्नाटक ने बंगाल को दस विकेट से करारी शिकस्त देकर समर्थनम दृष्टिहीन महिला राष्ट्रीय टी-20 टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया. फाइनल में गुरुवार को कर्नाटक का सामना ओड़ीशा से होगा. कर्नाटक ने साकेत के डीडीए स्पोर्ट्स काम्पलेक्स मैदान पर खेले गए मुकाबले में पहले गेंदबाजी करते हुए पश्चिम बंगाल को निर्धारित 20 ओवरों में तीन विकेट पर 101 रन पर रोक दिया और फिर 10.3 ओवर में ही बिना किसी नुकसान के लक्ष्य हासिल कर लिया.
कर्नाटक ने ग्रुप-ए में तीन मैच जीतकर नौ अंकों के साथ फाइनल के लिए क्वालीफाई किया. वहीं, ओडिशा ने अपने ग्रुप-बी में टॉप पर रहते हुए खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की की. रेणुका ने 38 गेंदों पर 50 रनों की पारी खेली. उन्होंने दीपिका के साथ 102 रनों की अविजित साझेदारी की. दीपिका ने 28 गेंदों पर 34 रनों का योगदान दिया. रेणुका को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया. इससे पहले बंगाल की टीम ने 20 ओवरों में तीन विकेट पर 101 रनों का स्कोर बनाया. बंगाल की टीम की ओर से कप्तान सनम महाली टॉप स्कोरर रहीं. उन्होंने अंतिम ओवर की तीसरी गेंद पर रन आउट होने से पहले 23 रनों का योगदान दिया.

Third party image reference
एक अन्य मैच में ओड़ीशा ने नजफगढ़ के त्रिपाठी खेल परिसर में खेले गए मुकाबले में महाराष्ट्र को 110 रनों से हरा दिया. ओड़ीशा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में बिना किसी नुकसान के 242 रनों का विशाल स्कोर बनाया. टीम के लिए मुनी पुर्ती ने 69 गेंदों पर 89 रन की शानदार पारी खेली. उनके अलावा बसंती हसदा ने 58 गेंदों पर 71 रनों का योगदान दिया.
महाराष्ट्र की टीम इसके जवाब में निर्धारित 20 ओवरों में दो विकेट पर 132 रन ही बना सकी. पराजाक्ता ने 51 रनों की नाबाद खेली, लेकिन उनकी यह पारी महाराष्ट्र को जीत नहीं दिला पाई. वहीं, सिरी फोर्ट के डीडीए खेल परिसर में खेले गए मुकाबले में झारखंड ने एक कड़े मुकाबले में मेजबान दिल्ली को 11 रनों से मात दी. झारखंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में छह विकेट पर 179 रन का स्कोर बनाया और फिर दिल्ली की महिलाओं को निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 168 रनों पर रोक दिया.

Third party image reference
कर्नाटक और ओड़ीशा के बीच फाइनल मुकाबला सिरी फोर्ट के डीडीए खेल परिसर में गुरुवार को खेला जाएगा. फाइनल मुकाबले के दिन पुरस्कार वितरण समारोह के समय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री थावर चंद गहलोत, संसदीय मामलों के मंत्री प्रहलाद जोशी, नई दिल्ली से भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी, पूर्व महिला क्रिकेटर अमिता शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार राजदीप सरदेसाई और ओएनजीसी के प्रमुख एचपी सिंह के मौजूद रहने की उम्मीद है.
संक्षिप्त स्कोर : झारखंड : 20 ओवरों में 179-6 (मार्सा हेस 67, गीता महतो 66). दिल्ली : 20 ओवरों में 168-4 (अंकिता 48, नमिता 45). कर्नाटक : 20 ओवरों में 102-0 (रेणुका राजपूत नाबाद 50, दीपिका नाबाद 34). बंगाल : 20 ओवरों में 101-3 (सनम महाली 23). ओड़ीशा : 20 ओवरों में 242-0 (मुनी पुर्ती नाबाद 89, बसंती हसदा नाबाद 71). महाराष्ट्र : 20 ओवरों में 132-2 (पराजाक्ता उदे नाबाद 51, गंगा कदम 31). (खेल पर सटीक विश्लेशण के लिए पढ़ें और फॉलो करें).

Third party image reference
Herald