Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

केंटो मोमोटा और चेन यू फेई ने जीता वर्ल्ड टूर फाइनल्स खिताब

ग्वांग्झू (चीन)
दुनिया के नंबर-1 पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ी जापान के केंटो मोमोटा ने रविवार को बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल्स का खिताब जीत लिया। मोमोटा का साल का यह 11वां खिताब है। इस साल इस जापानी खिलाड़ी ने अगस्त में बासेल में आयोजित विश्व चैम्पियनशिप खिताब भी जीता था।

दो बार के वर्ल्ड चैंपियन मोमोटा ने रविवार को यहां खेले गए फाइनल में इंडोनेशिया के एंथनी सिनिसुस्का गिंटिंग के खिलाफ पहला गेम हारने के बाद अगले दो गेमों में शानदार वापसी करते हुए जीत हासिल की।

25 वषीर्य मोमोटा ने गिंटिंग को एक घंटे 27 मिनट तक चले फाइनल मुकाबले में गिंटिंग को 17-21 21-17 21-14 से मात दी। वर्ल्ड नंबर-8 गिंटिंग का इस साल यह पांचवां फाइनल था और हर बार उसे फाइनल में हार का सामना करना पड़ा है।  

इस जीत के साथ ही मोमोटा ने गिंटिंग के खिलाफ अपना करियर रिकॉर्ड 10-4 का कर लिया है। मोमोटा ने पिछले महीने ही चीन ओपन के रूप में साल का अपना 10वां खिताब जीता था। मोमोटा के लिए 2019 शानदार रहा जिनके लिए यह साल का 11वां खिताब है। इंडोनेशिया के गिंटिंग इस साल पांच बार फाइनल में पहुंचे, लेकिन एक भी खिताब नहीं जीत सके।

चीन की चेन यू फेई ने दुनिया की नंबर-1 महिला बैडमिंटन खिलाड़ी चीनी ताइपे की ताई जू यिंग को हराकर रविवार को बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल्स का खिताब जीत लिया। फेई ने महिला एकल के फाइनल में पहला गेम हारने के बाद अगले दो गेमों में बेहतरीन वापसी करते हुए यिंग को मात देकर अपना पहला बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल्स का खिताब जीता। वर्ल्ड नंबर-2 फेई ने 58 मिनट तक चले मुकाबले में यिंग को 12-21, 21-12, 21-17 से पराजित किया।  

इससे पहले, फेई ने यिंग के खिलाफ करियर में 15 मैच खेले थे। इसमें वह केवल एक ही मैच जीत पाई थी जबकि 14 मैच यिंग ने जीते थे। लेकिन इस बार फेई ने पिछले सभी हार का बदला चुकता करते हुए यिंग को करारी मात दी।