Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

अर्धशतक जड़कर दिया जवाब, मेलबर्न टेस्ट में स्टीव स्मिथ की हुई हूटिंग

 
नई दिल्ली 

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट कैलेंडर के सबसे बड़े दिन यानि मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच का पहले दिन ऑस्ट्रेलिया का कोई भी क्रिकेटर दर्शकों की फब्तियों की उम्मीद नहीं करेगा. लेकिन पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ को गुरुवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ इस तरह की परिस्थितियों का सामना करना पड़ा. पहले दिन नाबाद 77 रन बनाने वाले स्मिथ ने बाद में कहा, ‘क्या ऐसा हुआ? मुझे पता नहीं है.’

स्मिथ की हुई हूटिंग
ऑस्ट्रेलिया का दूसरा विकेट गिरने के बाद स्मिथ जब 80 हजार से अधिक दर्शकों के सामने क्रीज पर उतरे तो कुछ दर्शकों ने तालियां बजाई तो कुछ ने उनकी हूटिंग की.

इसमें कोई संदेह नहीं कि यह हूटिंग स्मिथ पर मार्च 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट मैच के दौरान गेंद से छेड़छाड़ के मामले में लगे एक साल के प्रतिबंध के कारण की गई. स्मिथ तब ऑस्ट्रेलिया के कप्तान थे. स्मिथ मार्च 2020 में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी संभालने के योग्य हो जाएंगे.

मैच के बाद क्या बोले स्मिथ?
स्टीव स्मिथ ने कहा, ‘जब मैं बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर जाता हूं तो वास्तव में ऐसी चीजों पर ध्यान नहीं देता. प्रशंसा हो या आलोचना. मैंने इन पर ध्यान नहीं देना सीख लिया है.’

बता दें कि स्टार कंगारू बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने नाबाद 77 रन बनाकर एक और शतक की तरफ कदम बढ़ाए जिससे ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के पहले दिन चार विकेट पर 257 रन बनाकर अपना पलड़ा भारी रखा.