Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

प्रियंका, जतिन, अस्मी ने खेलो इंडिया युवा खेलों में चार-चार स्वर्ण जीते

गुवाहाटी
महाराष्ट्र की जिमनास्ट अस्मी अंकुश बडाडे और उत्तर प्रदेश के जतिन कुमार कनोजिया ने शनिवार को यहां खेलो इंडिया युवा खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर अपने व्यक्तिगत पदकों की संख्या चार कर ली। एथलेटिक्स स्पर्धायें शनिवार से शुरू हुई और तुरंत ही सुर्खियों में छा गयी क्योंकि पहले ही दिन सात मीट रिकार्ड टूट गये। मध्य प्रदेश ने तीन स्वर्ण जीतकर अपनी छाप छोड़ी। गुजरात के खिलाड़ियों ने जूडो के आठ में से तीन स्वर्ण अपने नाम किये। देश के 36 राज्यों और सात केन्द्र शासित प्रदेशों के खिलाड़ियों के बीच चल रही श्रेष्ठता की जंग में महाराष्ट्र सात स्वर्ण और आठ रजत सहित 27 पदकों के साथ तालिका में शीर्ष पर है। छह स्वर्ण सहित 12 पदक के साथ उत्तर प्रदेश दूसरे जबकि दिल्ली पांच स्वर्ण सहित 12 पदक के साथ तीसरे स्थान पर है। कनोजिया ने लड़कों के अंडर-17 कलात्मक जिमनास्टिक, फ्लोर एक्सरसाइज और होरिजांटल बार में स्वर्ण पदक जीतने के बाद पैरलल बार में भी अपना परचम लहराया। मध्यप्रदेश के अर्जुन वासकेल ने लड़कों की अंडर-17 3000 मीटर रेस जीती जबकि विवेक कुमार ने लड़कों की अंडर-17 भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। उत्तराखंड की अंकिता ने बालिका अंडर-21 5000 मीटर स्पर्धा में नया मीट रिकार्ड बनाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। अस्मी अंडर 17 लयबद्ध जिमनास्टिक के फाइनल में महाराष्ट्र की ही श्रेया प्रवीण के खिलाफ पिछड़ गईं जिससे वह इस स्पर्धा में पांचवां स्वर्ण पदक जीतने से चूक गई।