Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

ऑस्ट्रेलिया के आग पीड़ितों की मदद के लिए आगे आया हॉकी इंडिया

नई दिल्ली
हॉकी इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया में लगी आग के पीड़ितों के लिए अपनी तरफ से 25 हजार डॉलर का योगदान दिया है। हॉकी इंडिया ने इसके अलावा राष्ट्रीय टीम के हस्ताक्षर वाली जर्सी भी दान की है, जिसे नीलामी के लिए रखा जाएगा और इससे होने वाली आय रेड क्रास के माध्यम से ऑस्ट्रेलिया के जंगलों में लगी आग से प्रभावित लोगों की मदद के लिए दी जाएगी। हॉकी ऑस्ट्रेलिया ने पत्र भेजकर हॉकी इंडिया के अध्यक्ष मोहम्मद मुश्ताक अहमद का आभार व्यक्त किया।

जंगलों में लगी भीषण आग की तपिश झेल रहे पूर्वी ऑस्ट्रेलिया को बारिश से राहत मिली तथा अभी और बारिश होने की उम्मीद है। ऑस्ट्रेलिया के जंगलों में लगी भीषण आग में 28 लोगों की जान चली गई है और तकरीबन एक अरब जानवर मारे गए हैं। गर्म मौसम और प्रभावित इलाकों में बहुत मामूली बारिश होने के कारण आग का यह संकट और गहराया गया है। अधिकारी इस सप्ताह बारिश की उम्मीद कर रहे थे।

स्थानीय मौसम विज्ञान ब्यूरो ने बताया कि न्यू साउथ वेल्स राज्य में बृहस्पतिवार तड़के ''अच्छी बारिश हुई। यह राज्य आग से सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में से एक है। राज्य की ग्रामीण दमकल सेवा ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया, ''न्यू साउथ वेल्स में कई दमकलकर्मियों के लिए राहत है। उन्होंने एक वीडियो भी साझा की, जिसमें जल रहे एक जंगल में बारिश पड़ती दिखाई दे रही है।''

उन्होंने कहा, ''हालांकि इस बारिश से सारी आग नहीं बुझेगी लेकिन यह आग पर काबू पाने में काफी मददगार साबित होगी।'' दक्षिणी शहर मेलबर्न में बुधवार देर रात को गरज के साथ बारिश पड़ने से आग का धुआं छंटने में मदद मिली। धुएं से शहर की आबोहवा दमघोंटू हो गई थी। विक्टोरियन एनवायरमेंट प्रोटेक्शन एजेंसी ने कहा, ''बारिश से राज्य के ज्यादातर हिस्सों में वायु गुणवत्ता में सुधार आया है।'

एजेंसी ने बताया था कि सप्ताहांत तक और बारिश का अनुमान है। अगर ऐसा होता है कि तो गत वर्ष सितंबर में आग लगने के बाद से यह बारिश की सबसे लंबी अवधि होगी। इस आग के कारण 2,000 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हो गए और एक करोड़ हेक्टेयर भूमि जलकर खाक हो गई। ऑस्ट्रेलिया में हर साल आग लगती है लेकिन पिछले साल यह काफी पहले शुरू हो गई और लंबे समय तक लगी रही। साल 2019 में ऑस्ट्रेलिया को सबसे सूखा और गर्म देश दर्ज किया गया।