Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

T20 रैंकिंग: भारतीयों में राहुल टॉप, विराट भी बढ़े

दुबई
भारत के सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल शनिवार को जारी आईसीसी की टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में बल्लेबाजों की सूची में छठे स्थान पर बरकरार हैं जबकि कप्तान विराट कोहली एक स्थान के फायदे से 9वें पायदान पर पहुंच गए। भारत और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज के संपन्न होने के बाद यह रैंकिंग जारी की गई।

भारत ने इस सीरीज को 2-0 से अपने नाम किया। रैंकिंग में भारत के शीर्ष बल्लेबाज राहुल ने श्रीलंका के खिलाफ दो पारियों में 45 और 54 रन बनाए जिससे उन्हें 26 अंक का फायदा उठाया। वह ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल से सिर्फ छह अंक पीछे हैं। टेस्ट और एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के शीर्ष बल्लेबाज कोहली 9वें स्थान पर हैं।

पुणे टी20 में अर्धशतक लगाने वाले बायें हाथ के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन भी एक स्थान के फायदे से 15वें स्थान पर पहुंच गए हैं। मनीष पांडे भी चार स्थान आगे बढ़कर 70वें पायदान पर हैं।

टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में हुए इस साल के पहले अपडेट में भारतीय तेज गेंदबाजों को काफी फायदा हुआ है जिससे इस साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले पुरुष टी20 वर्ल्ड कप से पूर्व उनका मनोबल बढ़ेगा। सीरीज के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए नवदीप सैनी 146 स्थान की लंबी छलांग के साथ 98वें स्थान पर पहुंच गए हैं। शार्दुल ठाकुर ने रैंकिंग में 92वें स्थान पर दोबारा प्रवेश किया है। इन दोनों तेज गेंदबाजों ने 5-5 विकेट चटकाए।