खेल डेस्क। स्पिनर राधा यादव के करियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (23 रन देकर चार विकेट) के बाद सलामी बल्लेबाज शैफाली वर्मा (47) की तूफानी पारी के दम पर भारत ने श्रीलंका को 7 विकेट से शिकस्त देकर आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप में लगातार चौथी जीत दर्ज की।
मेलबर्न में खेले गए ग्रुप ए मैच में राधा यादव की कातिलाना गेंदबाजी के सामने श्रीलंका नौ विकेट पर केवल 113 रन ही बना सकी। जवाब में भारत ने 14.4 ओवरों में तीन विकेट पर 116 रन बनाकर जीत हासिल की।
मैच में शैफाली वर्मा ने एक बार फिर से तूफानी पारी खेली। उन्होंने केवल 34 गेंदों पर सात चौके और एक छक्के की सहायता से 47 रन बनाए। हालांकि वह इस बार भी अपना अर्धशतक नहीं बना सकी।
इसके साथ ही वह इस विश्व में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर आ गई है। वह अब तक चार मैचों में 161 रन बना चुकी है। पहले स्थान पर इंग्लैंड की कप्तान हीटर नाइट है। जिन्होंने 176 रन बनाए हैं।