खेल डेस्क। विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल (112) और श्रेयस अय्यर (62) की शानदार पारियों के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ माउंट माउंगानुई में खेले जा रहे तीसरे एकदिवसीय मैच में निर्धारित ओवरों में 7 विकेट पर 296 रन बनाए।
राहुल ने मैच में 113 गेंदों पर 112 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने नौ चौके और दो छक्के लगाए। वहीं श्रेयस अय्यर (62) ने अपनी पारी में 63 गेंदों का सामना किया। इसमें उन्होंने नौ चौके लगाए।
वहीं सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने 40 रन का योगदान दिया। मनीष पांडे ने 42 रन बनाए। भारतीय कप्तान विराट कोहली इस सीरीज में एक बार फिर से बड़ा स्कोर खड़ा करने में असफल रहे। वह केवल नौ रन ही बना सके।
मेजबान टीम की ओर से हामिश बेनेट सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 64 रन देकर चार विकेट लिए। इससे पहले भारतीय टीम में केदार जाधव के स्थान पर मनीष पांडे को शामिल किया गया।