खेल डेस्क। न्यूजीलैंड के खिलाफ 21 फरवरी से खेले जाने वाले पहले टेस्ट मैच में युवा क्रिकेटर पृथ्वी शॉ एक बार फिर से टेस्ट क्रिकेट में टीम इंडिया की ओर से बतौर सलामी बल्लेबाज मैदान में उतर सकते हैं।
इस बात के संकेत भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने बुधवार को प्रेस कॉफे्रंस में दिए हैं। उन्होंने पृथ्वी शॉ के साथ ही वरिष्ठ तेज गेंदबाज इशांत शर्मा को भी पहले टेस्ट मैच में अंतिम एकादश में शामिल करने के संकेत दिए हैं।
विराट कोहली ने इस दौरान पृथ्वी शॉ के खेल की तारीफ करते हुए कहा कि भारतीय टीम पृथ्वी शॉ की नैसर्गिक बल्लेबाजी में बदलाव नहीं करना चाहेगी। पृथ्वी शॉ एक प्रतिभावान खिलाड़ी है और उसके पास खेलने का अपना तरीका है।
विराट कोहली की इस बात से तो यहीं लगता है कि दूसरे युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को टेस्ट मैच खेलने के लिए इंतजार करना पड़ेगा। यानी पहले टेस्ट मैच में मयंक अग्रवाल के साथ पृथ्वी शॉ बतौर सलामी बल्लेबाज उतरेंगे।