Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

ऑल इंग्लैंड ओपन के क्वॉर्टर फाइनल में पीवी सिंधु को नोजोमी ओकुहारा से मिली हार

 बर्मिंघम 
विश्व चैम्पियन पीवी सिंधु शुक्रवार (13 मार्च) को जापान की नोजोमी ओकुहारा से तीन गेम तक चले महिला एकल क्वार्टरफाइनल में हार से ऑल इंग्लैंड चैम्पियनशिप से बाहर हो गईं। चौबीस साल की भारतीय खिलाड़ी ने शानदार शुरुआत की, लेकिन इसे गंवा बैठीं और 68 मिनट में हार गई। अंतिम आठ के मुकाबले में ओकुहारा ने सिंधु को 12-21 21-15 21-13 से मात दी। सिंधु की हार से भारत का इस सुपर 1000 टूर्नामेंट में अभियान भी समाप्त हो गया।

इस मैच से पहले सिंधु का ओकुहारा पर रिकॉर्ड 9-7 था। उन्होंने विश्व चैम्पियनशिप 2019 के फाइनल में इस जापानी खिलाड़ी केा मात दी थी।सिंधु ने पहले गेम में 3-0 से बढ़त बनानी शुरू की और इसे 7-2 तक ले गईं। ओकुहारा ने अंतर कम करने की कोशिश में स्कोर 5-8 कर दिया, लेकिन ब्रेक तक सिंधु ने पांच अंक की बढ़त बनाए रखी और ओकुहारा की गलती से जल्द ही 21-12 से इसे जीत लिया।
 
ओकुहारा ने इसके बाद सिंधु को बैकफुट पर रखने की कोशिश की और 5-2 से बढ़त बना ली और फिर उन्होंने तेज रैलियों से भारतीय को गलतियां करने पर मजबूर करते हुए इसे 7-3 कर दिया। हालांकि सिंधु ने ओकुहारा की अनफोर्स्ड गलतियों का फायदा उठाया और अंतर कम किया जो 8-10 हो गया। ब्रेक तक जापानी खिलाड़ी ने तीन अंक की बढ़त बनाए रखी।

सिंधु इसके बाद रैलियों में लय नहीं बना सकी और ओकुहारा ने 16-9 की बढ़त बना कर इसे 21-15 से अपने नाम कर 1-1 से बराबरी हासिल कर ली। निर्णायक गेम में ओकुहारा का दबदबा जारी रहा, जिसमें उन्होंने 5-2 से शुरुआत की। जापान की खिलाड़ी ने सिंधु को आक्रामक होने का मौका नहीं दिया और ब्रेक तक 11-5 से बढ़त बना ली। भारतीय के लिए गलतियों का दौर जारी रहा और ओकुहारा 19-11 से आगे हो लीं। अंत में जापान की खिलाड़ी ने सात मैच प्वॉइंट जुटाकर अगले दौर में प्रवेश किया