Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

शेफील्ड शील्ड का फाइनल रद्द, न्यू साउथ वेल्स को मिला खिताब

नई दिल्ली
ऑस्ट्रेलियाई डोमेस्टिक क्रिकेट टूर्नामेंट शेफील्ड शील्ड का फाइनल मैच मंगलवार को रद्द घोषित कर दिया गया। कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने यह कदम उठाया। इस दौरान न्यू साउथ वेल्स को चैंपियन घोषित किया गया। कोरोना वायरस संक्रमण के चलते दुनिया भर के तमाम स्पोर्ट्स इवेंट्स रद्द या स्थगित किए जा रहे हैं। टूर्नामेंट के आखिरी दौर का खेल पहले ही रद्द कर दिया गया था। न्यू साउथ वेल्स इस इंटर स्टेट टूर्नामेंट में 9 राउंड्स में बढ़त बनाए हुए था, जिसके चलते इसे चैंपियन घोषित किया गया।

ऑस्ट्रेलिया में ही न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज खेली जा रही थी। सीरीज के पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया ने जीत दर्ज की थी, लेकिन इसके बाद के दो मैच स्थगित कर दिए गए। वहीं क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चीफ केविन रॉबर्ट्स ने कहा है कि देश में सभी तरह के कम्युनिटी क्रिकेट पर रोक लगा दी गई है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का दफ्तर भी बंद कर दिया गया है और स्टाफ घर से काम कर रहे हैं।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भी मुंबई में स्थित अपने हेडक्वॉर्टर को बंद कर दिया है और सभी कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करने के लिए कहा गया है। इस बीच सोमवार (16 मार्च) को ही क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने देश में सभी फॉरमैट के क्रिकेट पर 60 दिनों की रोक लगा दी है। कोरोना वायरस से दुनिया भर में 180,000 से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 7,000 से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

ऑस्ट्रेलिया की बात करें तो यहां 401 कोरोना वायरस संक्रमण के मामले सामने आ चुके हैं और 5 लोगों की मौत भी हो चुकी है। वहीं भारत में 129 कोरोना वायरस संक्रमण के केस सामने आ चुके हैं और दो लोग इसकी वजह से अपनी जान गंवा चुके हैं।