Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

भारतीय क्रिकेट का नेतृत्व करने के लिए विराट सबसे सही खिलाड़ी- इयान बॉथम

नई दिल्ली

इंग्लैंड के महान हरफनमौला खिलाड़ी इयान बॉथम ने भारतीय टीम के मौजूदा कप्तान विराट कोहली की दिल खोलकर तारीफ की है. बॉथम के मुताबिक 31 साल के कोहली भारतीय क्रिकेट का नेतृत्व करने के लिए सबसे सही खिलाड़ी हैं. प्लेराइट फाउंडेशन से ऑनलाइन चैट करते हुए बाथम ने कहा, ‘विराट सामने वाली टीम से मैच ले जाते हैं. वह अपने खिलाड़ियों के लिए बोलते हैं. मैं उनके खिलाफ खेलना पसंद करता. वह भारतीय क्रिकेट को आगे ले जाने के लिए सही शख्स हैं.'

64 साल के बॉथम से जब आज के समय में मौजूद हरफनमौला खिलाड़ियों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘हरफनमौला खिलाड़ी बनाए नहीं जा सकते, वे पेड़ पर भी पैदा नहीं होते. काम का बोझ दोगुना होता है और यह उनके शरीर पर भी असर डालता है.'

बॉथम ने कहा, 'कपिल देव के बारे में कल्पना कीजिए, उन्होंने उस समय की भारतीय पिचों पर जिन पर बहुत कम कुछ होता था, कितनी गेंदबाजी की, वह भी दिल्ली और चेन्नई की गर्मी में. मैं मौजूदा पीढ़ी में ऐसा करते हुए किसी को नहीं देखता हूं.'

बॉथम ने इंगलैंड टीम के मौजूदा हरफमनमौला खिलाड़ी बेन स्टोक्स को पूर्व खिलाड़ी एंड्रयू फ्लिंटॉफ से आगे रखा है. बाथम ने कहा, ‘बेन स्टोक्स, फ्लिंटॉफ से काफी आगे हैं. स्टोक्स मेरे करीबी रूप हैं. वह मेरी तरह खेलते हैं, दिल खोल कर. फ्लिंटॉफ शानदार थे, लेकिन स्टोक्स अविश्वसनीय हैं. वह मौजूदा समय में विश्व के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर हैं.