Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

डेविड वॉर्नर बोले- मैदान पर उतरते वक्त मेरा और विराट का माइंडसेट एक जैसा होता है

सिडनी
ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने अपने और भारतीय कप्तान विराट कोहली के बीच समानताएं बताई हैं। वॉर्नर ने कहा कि दोनों अपने-अपने देश के लिए खेल रहे होते हैं तो वे जुनून से भरे होते हैं। उन्होंने कहा कि वो विराट की तरफ से बात नहीं कर सकते लेकिन मैदान पर जाते समय दोनों का माइंडसेट एक जैसा होता है।

वॉर्नर ने हर्षा भोगले के साथ बातचीत में कहा, 'जाहिर सी बात है कि मैं विराट की तरफ से बात नहीं कर सकता लेकिन यह लगभग ऐसा ही है कि जब हम मैदान में जाते हैं तो हमें लोगों को, कुछ लोगों को गलत साबित करने की जरूरत होती है।' उन्होंने कहा, 'अगर आप मुकाबले में हैं तो, उदाहरण के लिए, आप सोचते हैं, ठीक है, मैं उनसे अधिक रन बनाने जा रहा हूं। मैं उस पर तेजी से एक सिंगल लेने जा रहा हूं। आप उनसे बेहतर प्रदर्शन करना चाहते हैं, जोकि मैच में है। यह चीज जुनून से आती है।'

सलामी बल्लेबाज ने साथ ही बताया कि जब भी भारत और ऑस्ट्रेलिया एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला करते हैं तो छोटे-छोटे मुकाबले बड़े मुकाबले में बदल जाते हैं। वॉर्नर ने कहा, 'निश्चित रूप से, आप मैच जीतना चाहते हैं, लेकिन आप ऐसे चीजों को नहीं मानते हैं। अगर आप विराट से ज्यादा रन बना सकते हैं या अगर चेतेश्वर पुजारा, स्टीव स्मिथ से ज्यादा रन बना सकते हैं तो आपके पास ऐसे-ऐसे छोटे मुकाबले होते हैं। इसलिए आप खेल को इस तरह से लेने की कोशिश करते हैं कि हम इन छोटी-छोटी चीजों को करते हैं तो हम मैच में आगे हो सकते हैं।'