Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

अफ्रीकी बल्लेबाज को जोरदार फॉर्म का मिला इनाम, न्यूजीलैंड ने दी जगह

वेलिंग्टन

दक्षिण अफ्रीका में जन्मे डेवोन कॉनवे को तीन साल देश में बिताने के अनिवार्य नियम से पहले ही न्यूजीलैंड क्रिकेट ने अपने अनुबंधित खिलाड़ियों की सूची में शामिल कर लिया है. मुख्य कोच गेविन लार्सन को लगता है कि उनके शानदार फॉर्म को नजरअंदाज करना मुश्किल है. 28 साल का यह बल्लेबाज हालांकि अगस्त तक टीम में चयन की पात्रता हासिल नहीं कर पाएगा, लेकिन वह न्यूजीलैंड के 20 अनुबंधित क्रिकेटरों में शामिल तीन नए खिलाड़ियों में से एक है.

भारत के खिलाफ सीरीज के दौरान प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले ऑलराउंडर काइल जैमिसन और स्पिनर अजाज पटेल को भी एलीट वर्ग में रखा गया है. कोलिन मुनरो और जीत रावल को सूची से बाहर कर दिया गया है, जबकि टॉड एस्टल ने जनवरी में संन्यास ले लिया था.

बाएं हाथ के बल्लेबाज कॉनवे 2017 में न्यूजीलैंड में बस गए थे और तब से उन्होंने तीनों प्रारूपों में बेहतरीन प्रदर्शन किया और बल्लेबाजी सूची में शीर्ष पर रहे. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी पर जब वह टीम में चयन की पात्रता हासिल करेंगे तो फिर टेस्ट सलामी बल्लेबाज रावल और सीमित ओवरों के बल्लेबाज मुनरो के लिए जगह नहीं बचेगी.

लार्सन ने कहा, ‘डेवोन की पिछले दो सत्र से तीनों प्रारूपों में शानदार फॉर्म को नजरअंदाज करना मुश्किल था. वह बल्लेबाजी में बहुत अच्छा विकल्प है.’

न्यूजीलैंड के अनुबंधित खिलाड़ी इस प्रकार हैं –

टॉम ब्लंडेल, ट्रेंट बोल्ट, डेवोन कॉनवे, कॉलिन डी ग्रैंडहोम, लॉकी फर्ग्यूसन, मार्टिन गप्टिल, मैट हेनरी, काइल जैमिसन, टॉम लाथम, हेनरी निकोल्स, जेम्स नीशाम, एजाज पटेल, मिशेल सेंटनर, ईश सोढ़ी, टिम साउदी, रोस टेलर, नील वैगनर, बीजे वाटलिंग, केन विलियमसन, विल यंग.