Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

आईपीएल पर भी साफ होगी स्थिति, ICC बैठक में टी-20 वर्ल्ड कप पर आ सकता है फैसला

 नई दिल्ली 
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की आज बुधवार को टेलीकॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होने वाली बैठक में इस साल ऑस्ट्रेलिया में अक्टूबर-नवम्बर में होने वाले टी-20 विश्वकप को लेकर फैसला लिया जा सकता है। आईसीसी की आज बैठक होनी है जिसमें टी-20 विश्वकप, भविष्य के कार्यक्रम, बोर्ड के अगले चैयरमैन के चुनाव और तकनीकी समिति की सिफारिशों पर चर्चा की जा सकती है। इस मीटिंग के साथ ही आईपीएल पर स्थिति काफी हद तक साफ हो जाएगी।
 
बता दें कि इस साल अक्टूबर-नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में टी-20 विश्वकप का आयोजन होना है लेकिन कोरोना वायरस के खतरे के कारण इसके आयोजन पर खतरा मंडरा रहा है। हालांकि ऑस्ट्रेलिया में स्थिति में सुधार हो रहा है और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट आयोजित करने को लेकर आश्वस्त है।

इस बीच ऐसी खबर है कि अगर टी-20 विश्वकप का आयोजन नहीं किया जाता है तो टीमों के लिए बाइलेटरल सीरीज के लिए विंडो खुल जाएंगी। ऐसे में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) आईपीएल का प्रस्ताव रख सकता है।
 
आईपीएल के 13वें सत्र का आयोजन इस साल 29 मार्च से होना था लेकिन कोरोना के कारण इसे अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। टी-20 विश्वकप के रद्द होने से सितंबर के अंत में एशिया कप का आय़ोजन भी किया जा सकता है। हालांकि यह सिर्फ अटकलें है और इस बाबत कोई भी फैसला बोर्ड की बैठक में लिया जाएगा।