नई दिल्ली
इंग्लैंड के बेन स्टोक्स ने एक बार फिर से साबित कर दिया है कि क्रिकेट के मैदान पर लगभग कुछ भी ऐसा नहीं है, जो वह नहीं कर सकते हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के पहली पारी में इंग्लैंड के कप्तान जो रूट का विकेट गिरने के बाद स्टोक्स बल्लेबाजी करने के लिए मैदान पर आए। स्टोक्स अपने विस्फोटक अंदाज के लिए जाने जाते हैं, लेकिन उन्होंने अपनी टीम को संकट से बाहर निकालने के लिए आक्रामकता के साथ-साथ सावधानी का भी ध्यान रखा। उन्होंने एक बार फिर से उसी धैर्य और दमखम का प्रदर्शन किया, जिसने उन्हें एशेज में इंग्लैंड के साथ अलावा आईसीसी विश्व कप 2019 के फाइनल में हार के जबड़े से जीत तक ले जाते हुए देखा था। आकाश चोपड़ा बेन स्टोक्स के इस प्रदर्शन से काफी खुश हैं और उन्हें क्रिकेट के तीनों फॉर्मैट का बेस्ट ऑल राउंडर खिलाड़ी बताया है।
मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। इस मैच में पहली पारी में बेन स्टोक्स ने डोमनिक सिबले के साथ शानदार साझेदारी कर पहली पारी में बड़ा स्कोर बनाने में मदद की। ऐसे में पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने दबाव में प्रदर्शन करने की क्षमता के लिए बेन स्टोक्स की सराहना की। साथ ही स्टोक्स को दुनिया का बेस्ट ऑल राउंडर बताया।
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल 'आकाशवाणी' पर कहा, ''इस समय, मेरे मन में कोई संदेह नहीं है कि बेन स्टोक्स तीनों फॉर्मैट में दुनिया के नंबर एक ऑल-राउंडर हैं। पिछले दो सालों से टेस्ट में उनका औसत 43 और वनडे में 59 का है।''
उन्होंने कहा, ''उनके पास सभी फॉर्मैट में अच्छी गेंदबाजी औसत भी है। इसलिए स्टोक्स के सभी फॉर्मैट में नंबर वन ऑल राउंडर होने का कोई शक नहीं है।'' आकाश चोपड़ा ने बांग्लादेश के शाकिब अल हसन और भारत के रवींद्र जडेजा को भी स्टोक्स के बाद अगले बेस्ट ऑल राउंडर कहा है।
बता दें कि बेन स्टोक्स ने 176 रन की पारी के दौरान 356 गेंदें खेलकर मैच्योरिटी दिखाई। इस दौरान 17 चौके और दो छक्के लगाए। यह टेस्ट क्रिकेट में उनका 10वां शतक था। ओपनर डॉम सिबले (120) और आईसीसी रैंकिंग में दुनिया के नंबर दो ऑल राउंडर बेन स्टोक्स (176) के शानदार शतक जड़े। शतक के साथ-साथ दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 260 रन की जबरदस्त साझेदारी की बदौलत इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट में दूसरे दिन अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 469 रन का विशाल स्कोर बनाकर घोषित कर दी थी।