
खेल डेस्क। इस साल का टी-20 विश्व कप स्थगित होने से आईपीएल 13 के होने की संभावना बढ़ गई है। हालांकि कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए भारत में इस साल आईपीएल नहीं होगा।
इस बार इस टूर्नामेंट का आयोजन यूएई में होगा। इस बात की जानकारी आईपीएल के चेयरमैन बृजेश पटेल ने दी है। बृजेश पटेल ने बताया कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने यूएई में आईपीएल के आयोजन के लिए केन्द्र सरकार से अनुमति मांगी है।
हालांकि आईपीएल के 13वें संस्करण के आयोजन को लेकर बाकी बातों पर निर्णय आईपीएल की गवर्निंग काउंसिल की बैठक में किया जाएगा। आईपीएल की गवर्निंग काउंसिल की बैठक का आयोजन अगले 7 से 10 दिन के बीच हो सकती है। इसी बैठक में आईपीएल का कार्यक्रम भी घोषित किया जा सकता है।
गौरतलब है इस साल आईपीएल का आयोजन 29 मार्च से होना था, लेकिन कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण इसे अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था।