
खेल डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग का 13वां संस्करण इस साल यूएई में होने की पूरी संभावना है। हालांकि अब आईपीएल का फाइनल का दिन दो दिन आगे बढ़ाया जा सकता है।
खबरों के अनुसार, इंडियन प्रीमियर लीग की गर्वनिंग काउंसिल आईपीएल 13 के फाइनल की दिनांक 8 से बढ़ाकर 10 नवंबर करने पर विचार कर सकती है। ताकि सभी हितधारकों को दिवाली के सप्ताह का अधिक फायदा मिल सके। इस साल दिवाली का त्योहार 14 नवंबर को है।
इंडियन प्रीमियर लीग की गर्वनिंग काउंसिल इस प्रकार का निर्णय लेती है तो भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए यूएई से सीधी उड़ान भरनी पड़ेगी।खबरों के अनुसार, इससे पहले इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें संस्करण की तारीखें 19 सितंबर से 8 नवंबर के बीच घोषित की गई थीं। हालांकि अभी तक बीसीसीआई ने आईपीएल का कार्यक्रम घोषित नहीं किया है।
खेल मंत्रालय से अनुमति मिलने के बाद अब बीसीसीआई को यूएई में आईपीएल के आयोजन की आधिकारिक घोषणा करने के लिए अब गृह और विदेश मंत्रालय से स्वीकृति मिलने का इंतजार है।