
खेल डेस्क। दुनिया में फैले कोरोना संक्रमण के बीच गुरुवार को खेले गए पहले वनडे में विश्व चैम्पियन इंग्लैंड ने आयरलैंड को छह विकेट से शिकस्त दी थी।मेजबान इंग्लैंड का आईसीसी विश्व कप जीतने के बाद अपनी धरती पर यह पहला मुकाबला था।
डेविड विले ( 30 रन देकर पांच विकेट) की कातिलाना गेंदबाजी के सामने आयरलैंड 44.4 ओवर में केवल 172 रन पर ही ढेर हो गई। जवाब में इंग्लैंड ने 22.1 ओवर बाकी रहते चार विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया।
इंग्लैंड की जीत में सैम बिलिंग्स और इयोन मोर्गन ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बिलिंग ने 54 गेंदों नाबाद 67 रन बनाए। दोनों ने 96 रन की नाबाद साझेदारी की।
कप्तान इयोन मोर्गन ने 40 गेंदों पर नाबाद 36 रन बनाए। वहीं आयरलैंड की ओर से कैंफर ने 118 गेंदों में नाबाद 59 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने चार चौके लगाए। आयरलैंड ने एक समय अपने पांच विकेट केवल 28 रन पर गंवा दिए थे।