

स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय टीम के स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल आज यानि कि 23 जुलाई को 30 साल के हो गए हैं. साल 2016 में डेब्यू करने वाले चहल मौजूदा समय में भारतीय टीम का अहम हिस्सा बन चुके हैं. क्रिकेट में अपना नाम बना चुके चहल शतरंज खेलने में भी माहिर हैं।

युजवेंद्र चहल टीम इंडिया के सीमित ओवर फॉर्मेट में अहम गेंदबाज के रूप में खेलते हैं। कुलदीप यादव के साथ जब उनकी जोड़ी बनती है ये दोनों गेंदबाज विरोधी टीम पर सबसे घातक नजर आते हैं। किसी T20 इंटरनैशनल मैच में 5 विकेट झटकने वाले चहल पहले भारतीय बोलर हैं। वह वनडे और टी20 इंटरनैशनल दोनों में 6-6 विकेट लेने वाले वह दुनिया के दूसरे बोलर हैं। इसके अलावा टी20 इंटरनैशनल में भारत की ओर से सबसे तेज 50 विकेट उन्हीं के नाम पर दर्ज हैं।
युजवेंद्र चहल को जन्मदिन की बधाई देते हुए युवराज सिंह ने ट्विटर पर लिखा, 'युजी चहल या मुझे आपको मिस्टर चूहा कहना चाहिए. आपके लिए शुभकामनाएं कि कुछ वजन हासिल करने के बाद आपके चेहरे पर खुशी के आंसू हों.' युवराज सिंह ने आगे लिखा, 'अपने मजेदार वीडियो और कमेंट्स से मनोरंजन करते रहें! आपको एक सफल वर्ष की शुभकामनाएं, जन्मदिन मुबारक.'

इस तरह सोशल मीडिया पर सभी की टांग खिंचाई करने वाले युजवेंद्र चहल को युवराज सिंह ने ट्रोल कर दिया. युवराज सिंह ने युजवेंद्र चहल की जमकर खिंचाई की. युवी ने दुबले-पतले चहल का मजाक बनाते हुए उन्हें चूहा कह दिया.
Herald