Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

बेन स्टोक्स बने इंग्लैंड टीम के कप्तान, रूट नहीं खेलेंगे पहला टेस्ट

लंदन

सीनियर स्तर पर कभी टीम का नेतृत्व नहीं करने वाले ऑलराउंडर और विश्व कप की जीत के नायक बेन स्टोक्स को वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले पहले टेस्ट मैच के लिए इंग्लैंड का कप्तान नियुक्त किया गया. उन्हें जो रूट की जगह कप्तान बनाया गया है, जो अपने बच्चे के जन्म के कारण पहले टेस्ट मैच में नहीं खेल पाएंगे. रूट की पत्नी कैरी इस सप्ताह मां बनने वाली वाली हैं और वह अपने दूसरे बच्चे के जन्म के समय अस्पताल में रहना चाहते है. रूट बुधवार को टीम का शिविर छोड़ देंगे.

29 साल के स्टोक्स पहली बार इंग्लैंड की राष्ट्रीय टीम की अगुवाई करेंगे. उन्होंने अब तक इंग्लैंड की तरफ से 63 टेस्ट मैचों में 4056 रन बनाने के अलावा 147 विकेट भी लिये हैं. स्टोक्स ने इसके अलावा 95 वनडे और 26 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेले हैं, लेकिन उन्होंने अब तक प्रथम श्रेणी, लिस्ट-ए या टी20 मैचों में भी कप्तानी नहीं की है.

इस तरह से वह इंग्लैंड के क्रिकेट इतिहास में सबसे कम अनुभवी कप्तान बनेंगे. इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने बयान में कहा, ‘पिछले साल जुलाई से रूट के साथ उपकप्तान रहे डरहम के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स साउथेम्पटन में पहले टेस्ट मैच में टीम की अगुवाई करेंगे.’

स्टोक्स के साथ जोस बटलर को उपकप्तान नियुक्त किया गया है. वह पूर्व में रूट के साथ भी यह भूमिका निभा चुके हैं और सीमित ओवरों की टीम में इयोन मॉर्गन के साथ उपकप्तान हैं. इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच पहला टेस्ट मैच साउथेम्पटन में आठ जुलाई से शुरू होगा.

ईसीबी ने कहा कि अस्पताल से लौटने के बाद रूट सात दिनों तक खुद को पृथकवास में रखेंगे और 13 जुलाई से मैनचेस्टर में होने वाले दूसरे टेस्ट से पहले टीम से जुड़ेंगे. दूसरा टेस्ट मैच 16 जुलाई से शुरू होगा.