

स्पोर्ट्स डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन बृजेश पटेल ने बीते शुक्रवार को IPL 2020 के UAE में होने की पुष्टि की थी. हालांकि, अभी BCCI ने आईपीएल 2020 का शेड्यूल जारी नहीं किया है. आइए समझने की कोशिश करते हैं कि आखिर क्यों IPL 2020 के आयोजन के लिए UAE को ही चुना गया।

खेल मंत्रालय ने आईपीएल को यूएई में करवाने के भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई ) के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। हालांकि, अब भी बीसीसीआई को आधिकारिक घोषणा करने के लिए गृह और विदेश मंत्रालय से मंजूरी मिलने का इंतजार है। यह जानकारी खेल मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी ने भास्कर को दी है। IPL गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन ब्रजेश पटेल ने कहा कि बीसीसीआई ने यूएई के एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) को आईपीएल की मेजबानी के लिए स्वीकृति पत्र भेज दिया है। यूएई ने पत्र मिलने की पुष्टि भी कर दी है।

ऐसी अटकल लगाई जा रही थी आईपीएल 26 सितंबर से शुरू होगा लेकिन बीसीसीआई ने इसे एक सप्ताह पहले शुरू करने का फैसला किया ताकि भारतीय टीम के ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर असर नहीं पड़े। ऐसा इसलिए भी किया गया क्योंकि भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया सरकार के नियमों के अनुसार वहां पहुंचने पर 14 दिन तक आइसोलेशन में रहना होगा। इसमें देरी से परेशानी हो सकती थी। इस पर बीसीसीआई ने कहा कि इस 51 दिन के शेड्यूल की अच्छी बात यह होगी कि इसमें एक दिन में दो मैचों का आयोजन कम होगा। सात हफ्ते तक टूर्नामेंट चलने से हम पांच दिन दो मैचों के आयोजन के शेड्यूल पर टिके रह सकते हैं।
Herald