

स्पोर्ट्स डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन का इंतजार कर रहे फैंस को जल्द ही बड़ी खबर मिल सकती है. 17 जुलाई को बीसीसीआई की एपेक्स काउंसिल की बैठक है. इस बैठर में फिलहाल बंद पड़े हुए क्रिकेट के खेल को पटरी पर लाने को लेकर चर्चा होगी. इसके साथ ही भारत में कोरोना वायरस के बढ़ते कहर की वजह से आईपीएल के दुबई में आयोजन की संभावना बढ़ गई है।

आईपीएल गर्वनिंग काउंसिल के एक सूत्र ने बताया, 'अभी तक कुछ तय नहीं हुआ है। हम परिस्थिति पर बहुत करीबी नजर रखे हुए हैं। हम आईपीएल के आयोजन को लेकर भी सभी पहलुओं पर विचार कर रहे हैं। हम सभी विकल्पों पर विचार कर रहे हैं। कुछ देशों ने आईपीएल का आयोजन करवाने में दिलचस्पी दिखाई है।

दरअसल, भारत में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) दुबई में ट्रेनिंग कैंप लगाने की तैयारी में है. हालांकि, इस ट्रेनिंग शिविर में सिर्फ टॉप क्रिकेटर ही शामिल होंगे। जानकारी के मुताबिक, भारत में आईपीएल 2020 का आयोजन संभव नहीं है. ऐसे में माना जा रहा है कि यह लीग यूएई में खेली जा सकती है।

इससे पहले आईपीएल 2014 के शुरुआती मैच भी यूएई में खेले जा चुके हैं. फ्रेंचाइज़ियां भी चाहती हैं कि खिलाड़ियों को आईपीएल से पहले प्रैक्टिस के लिए पर्याप्त समय मिले. बताया जा रहा है कि बीसीसीआई को अब सिर्फ 2020 टी20 विश्व कप के स्थगित होने का इंतजार है. इसके बाद आईपीएल के शेड्यूल का ऐलान किया जा सकता है.
Herald