

स्पोर्ट्स डेस्क। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की सोमवार को अहम बैठक होनी है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को उम्मीद है कि इस बार टी-20 वर्ल्ड कप के टलने की घोषणा हो सकती है। इस बैठक में इस साल होने वाले टी-20 विश्व कप के भविष्य को लेकर निर्णायक दौर की चर्चा होगी। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) को उम्मीद है कि इसे स्थगित किया जाएगा, जिससे कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का आयोजन हो सके।

टी-20 विश्व कप का आयोजन ऑस्ट्रेलिया में 18 अक्तूबर से 15 नवंबर तक होना है। मगर देश के क्रिकेट बोर्ड ने विक्टोरिया राज्य में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए मई में ही इस टूर्नामेंट की मेजबानी में असमर्थता जाहिर की थी। सूत्रों की मानें तो इसी उम्मीद में बीसीसीआई पहले से ही अनिश्चितकाल के लिए टल चुके इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का रोडमैप तैयार कर चुकी है।

आईपीएल इस साल 29 मार्च से होना था। वहीं, इस साल टी-20 वर्ल्ड कप ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में 18 अक्टूबर से 15 नवंबर तक होना है। यदि वर्ल्ड कप टलता है, तो बीसीसीआई 26 सितंबर से 7 नवंबर के बीच आईपीएल करा सकता है। इससे पहले सितंबर में पाकिस्तान की मेजबानी में होने वाला एशिया कप भी टल चुका है।
Herald