
खेल डेस्क। जर्मनी की कप्तान अनुराधा दोड्डाबाल्लपुर ने आज अन्तरराष्ट्रीय महिला टी-20 क्रिकेट में एक विश्व रिकार्ड अपने नाम किया। जर्मनी की मध्यम तेज गेंदबाज अनुराधा ने ऑस्ट्रिया के खिलाफ आज खेले गए चौथे टी-20 मैच में लगातार 4 विकेट लेकर विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया।
इस प्रकार अनुराधा महिला टी-20 अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार चार विकेट हासिल करने वाली पहली खिलाड़ी बन गई है। मैच के दौरान अनुराधा ने 3 ओवर में केवल 1 रन देकर 5 विकेट हासिल किए।
जर्मनी ने इस मुकाबले में ऑस्ट्रिया को 137 रनों से शिकस्त दी। जर्मनी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए क्रिस्टिना गॉफ (नाबाद 101) और रॉनल्ड्स (68) की पारियों के दम पर बिना विकेट गंवाए निर्धारित ओवरों में 198 रन बनाए।
जवाब में अनुराधा की घातक गेंदबाजी के सामने ऑस्ट्रिया महिला टीम निर्धारित ओवरों में नौ विकेट पर केवल 61 रन ही बना सकी।अनुराधा ने 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर जो स्टिग्लिट्ज, तीसरी पर टुगेस, चौथी पर अनीषा नूकाला और पांचवीं गेंद पर प्रिया साबू को पवेलियन की राह दिखाई।