
जयपुर। अब राजस्थान में भी जल्द ही घरेलू क्रिकेट सत्र शुरू करने के लिए राजस्थान क्रिकेट संघ द्वारा तैयारी की जा रही है। कोरोना वायरस के संक्रमण के बीच राजस्थान क्रिकेट संघ द्वारा बीसीसीआई द्वारा अगले घरेलू क्रिकेट सत्र के लिए जारी महत्वपूर्ण निर्देशों एवं गाइडलाइन के आधार पर राज्य में क्रिकेट गतिविधियां शुरू की जाएगी।
आरसीए के सचिव महेंद्र शर्मा ने बताया कि राजस्थान क्रिकेट संघ के अध्यक्ष वैभव गहलोत ने सभी कार्यकारिणी सदस्यों को इस संबंध में निर्देश दिए हैं।आरसीए अध्यक्ष वैभव गहलोत ने राज्य में क्रिकेट गतिविधियों में खिलाडिय़ों सहित आयोजन से जुड़े हुए सभी लोगों के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की ओर से जारी दिशानिर्देशों और नियमों का आरसीए द्वारा पूर्ण रूप से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
महेन्द्र शर्मा ने बताया कि आरसीए ने राजस्थान सरकार से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की गाइडलाइंस के मुताबिक प्रदेश में क्रिकेट गतिविधियों के आयोजन के लिए पत्र लिखकर मांग की है।इस दौरान आरसीए अध्यक्ष वैभव गहलोत ने राजस्थान क्रिकेट संघ को स्टेडियम के लिए जमीन के आवंटन को स्वीकृति देने पर प्रदेश सरकार एवं आरसीए के संरक्षक डॉ सीपी जोशी का आभार जताया है।